संगम नगरी के लोगों को कैसा घर चाहिए, उन्हें अपार्टमेंट में फ्लैट खरीदना है या प्लॉट लेकर घर बनवाना चाहते हैं, उन्हें कितने कमरों का फ्लैट या कितना बड़ा प्लॉट चाहिए, इन तमाम जरूरतों को ध्यान में रखकर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) आवासीय परियोजनाओं को मूर्त रूप देगा।
पीडीए ने हाल ही में कसारी मसारी में प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग परियोजना के लिए आम लोगों से उनके सुझाव मांगे थे कि उन्हें किस तरह के फ्लैट चाहिए। ज्यादातर लोगों ने टू-बीएचके फ्लैट को वरीयता दी और उनकी जरूरत को ध्यान में रखते हुए पीडीए ने प्रस्तावित ग्रुप हाउसिंग में सिर्फ टू-बीएचके फ्लैट बनाने का निर्णय लिया। पीडीए ने इस ग्रुप हाउसिंग का नक्शा भी पास कर दिया है।
वहीं, पीडीए की ओर एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित नई टाउनशिप एयरोसिटी के लिए भी शासन की ओर से 100 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं और वहां निर्माण कार्य शुरू कराने से पहले मृदा परीक्षण कराया जा रहा है जिसकी रिपोर्ट के आधार पर यह तय होना है कि किस स्थान पर क्या बनेगा।
पीडीए की पूर्व की कई आवासीय परियोजनाओं में बड़ी संख्या में प्लॉट अब तक खाली पड़े हैं। पीडीए यमुनापार के इरादतगंज में भी नई टाउनशिप बसाने की तैयारी कर रहा है। नई टाउनशिप के लिए स्वीकृति मिलने के बाद वहां भी सर्वे कराया जाएगा।
-पीडीए का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को सस्ती दरों पर अपना घर मुहैया कराना है। शहर के आम नागरिकों की जरूरतें क्या हैं, यह सर्वे और लोगों से प्रस्ताव सुझाव के माध्यम से ही पता लगाया जा सकता है। ऐसे में पीडीए ने अपनी किसी भी ग्रुप हाउसिंग या टाउनशिप के लिए सर्वे कराने का निर्णय लिया है। -ऋषि राज, उपाध्यक्ष, पीडीए