मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआईटी) में आयोजित तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का शनिवार को समापन हुआ। विशेषज्ञों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग, नई पीढ़ी के नेटवर्क और साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर शोध व अनुभव साझा किए।
कतर विश्वविद्यालय के कतर के प्रो. पीएन सुगाथन ने ऑनलाइन माध्यम से वर्गीकरण और पूर्वानुमान के लिए बहु-आउटपुट प्रमुख वाली यादृच्छिक व बैकप्रोपेगेशन-प्रशिक्षित गहन तंत्रिका प्रणालियां विषय पर व्याख्यान दिया। इसके बाद सुधांशु ओझा ने अगली पीढ़ी के नेटवर्क और उपयोग योग्य कृत्रिम बुद्धिमत्ता के लिए डी-लिंक की तैयारी पर औद्योगिक व्याख्यान दिया।
वहीं बिजनेस हेड पंकज सिंह ने साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में सामने आ रही नई चुनौतियों और अपने अनुभवों को प्रतिभागियों के साथ साझा किया। सम्मेलन में कुल आठ तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। इसमें मशीन लर्निंग, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सॉफ्टवेयर आधारित स्मार्ट नेटवर्क, संज्ञानात्मक कंप्यूटिंग और मस्तिष्क-प्रेरित प्रणालियों जैसे विषयों से जुड़े 41 शोधपत्र प्रस्तुत किए गए। इस दौरान शोधार्थियों और विशेषज्ञों ने तकनीकी क्षेत्र में हो रहे नए प्रयोगों और संभावनाओं पर चर्चा किए।
कंप्यूटर विज्ञान व अभियांत्रिकी विभाग के पूर्व संकाय सदस्य प्रो. गुलाब सिंह ने विभाग में लंबे समय तक शिक्षण, शोध और शैक्षणिक विकास में योगदान दिया है। प्रतिभागियों और शोधपत्र लेखकों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। इस मौके पर एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. एमएम गोरे, कंप्यूटर विज्ञान व अभियांत्रिकी विभाग के आयोजन अध्यक्ष व विभागाध्यक्ष प्रो. मयंक पांडेय, आयोजन सचिव डॉ. दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।