जार्जटाउन थाना क्षेत्र के सोहबतियाबाग में अवैध संबंधों के शक में एक अधेड़ पर पेट्रोल फेंक कर जिंदा जला दिया। घटना के समय अधेड़ और आरोपी दोनों साथ में नशा कर रहे थे। इसी दौरान उनमें विवाद हुआ। गंभीर हालत में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पहले धारा 326 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। बाद में उसे हत्या में तरमीम करते हुए आरोपी को बृहस्पतिवार को जेल भेज दिया।
सोहबतियाबाग के रहने वाले भानू यादव (56) की पत्नी की मौत हो चुकी है। परिवार में और कोई नहीं है। वह अकेला रहता था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक 28 अगस्त को वह रेलवे डाट का पुल के बगल में बैठा था। उसी दौरान पर पेट्रोल फेंककर जिंदा जला दिया गया। घटना के बाद आरोपी वहां से भाग निकला। भानू की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोगों ने किसी तरह से आग बुझाई और पुलिस को सूचना देकर उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया।