फॉॅर्च्यूनर से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर को घेरकर फायरिंग
दारागंज में ओडी फोर्ट चौराहे पर वारदात, फैली सनसनी
ओवरटेक कर सफारी-स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने चलाई गोलियां
चार गोलियां लगीं, गंभीर हालत में एसआरएन में कराया गया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। दारागंज में ओडी फोर्ट चौराहे पर फॉर्च्यूनर से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर आशीष सिंह को घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। स्कॉर्पियो व सफारी से आए हमलावरों की गई फायरिंग में उसे चार गोलियां लगीं। पुलिस ने उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की वजह एक दिन पहले ढाबे में हुआ विवाद बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तीन हमलावरों के नाम सामने आए हैं। जिनकी तलाश की जा रही है।
नैनी में गंगापुरम कॉलोनी का रहने वाला आशीष सिंह(38) पुत्र सुरेश प्रताप सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। मंगलवार शाम वह झूंसी में किसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने अपनी फॉर्च्यूनर से जा रहा था। साथ में तीन दोस्त व निजी गनर भी था। 5.30 बजे के करीब वह पुराने पुल से होते हुए फोर्ट रोड चौराहे पर पहुंचा। तभी पीछे से स्कॉर्पियो व सफारीसवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। कोई कुछ समझता, इससे पहले ही असलहों से लैस बदमाशों ने हमला बोल दिया। पहले रॉड-डंडों से गाड़ी पर ताबड़तोड़ वार किए जिसमें शीशे आदि क्षतिग्रस्त हो गए। जान बचाने के लिए अन्य लोग गाड़ी से उतरकर भाग निकले। उधर तब तक बदमाशों ने असलहे निकालकर फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें चार गोलियां आशीष को लगीं और वह लहूलुहान होकर सीट पर लुढ़क गया। इसके बाद बदमाश भाग निकले। सूचना मिली तो पुलिस पहुंची और फिर घायल हालत में उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंची। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उसे रेफर कर दिया जिसके बाद उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर एसपी सिटी, एएसपी भी मौके पर पहुंचे और पूछताछ की।
खाना खाने के दौरान हुई थी कहासुनी
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घायल प्रॉपर्टी डीलर ने बताया है कि उस पर हमला एक दिन पहले ढाबे में हुए विवाद को लेकर किया गया। उसने बताया कि एक दिन पहले वह महेवा में स्थित ढाबे पर दोस्तों संग खाना खाने गया था। जहां उसकी मामूली बात पर अंशू मिश्रा नाम के युवक से कहासुनी हो गई थी। उसका आरोप है कि इसी विवाद को लेकर अंशू ने अपने साथियों संग मिलकर उस पर हमला किया। साथ ही जाते वक्त उसके गले से सोने की चेन, ब्रेसलेट आदि भी लूट ले गया। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक तीन भाइयों में बड़ा है और उसके पिता पुलिस विभाग से रिटायर हैं। चर्चा यह भी रही कि वह ब्याज पर रुपये भी चलाता है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो सकी।
फॉर्च्यूनर को घेरकर फायरिंग की बात सामने आई है। घायल ने हमलावरों में शामिल तीन लोगों अंशू मिश्रा, फिरोज व आदित्य का नाम बताया है। उनकी तलाश की जा रही है।
बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी