कस्बे के उमरावगंज व इब्राहिमपुर के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रांसफाॅर्मर फुंकने की समस्या से जूझ रहे मोहल्लों में बिजली विभाग ने क्षमता वृद्धि करते हुए नया ट्रांसफाॅर्मर स्थापित कर दिया है। माना जा रहा है कि इससे कई मोहल्ले की बिजली व्यवस्था में सुधार होगा।
वार्ड संख्या पांच उमरावगंज और वार्ड संख्या आठ इब्राहिमपुर में अब तक 100 केवीए क्षमता के ट्रांसफाॅर्मर से विद्युत आपूर्ति की जा रही थी। आबादी व बिजली उपकरणों की संख्या बढ़ने के चलते ट्रांसफाॅर्मर पर अधिक लोड पड़ रहा था। इससे आए दिन तकनीकी खराबी होना या ट्रांसफार्मर का जल जाना आम समस्या बन गई थी। इसे देखते हुए 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया गया है।
इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर वार्ड पांच के सभासद शोएब अहमद एवं वार्ड आठ के सभासद राधेश्याम पटेल ने कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से पत्राचार किया। तत्कालीन अवर अभियंता प्रदीप कुमार की जांच रिपोर्ट के आधार पर विभाग ने क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति दी।
क्षमता वृद्धि के तहत वर्तमान अवर अभियंता नरेन्द्र प्रसाद की देखरेख में विभाग ने पुराने 100 केवीए को हटाकर वहां 250 केवीए का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कर दिया है। क्षमता ढाई गुना बढ़ जाने से अब ओवरलोडिंग की समस्या पूरी तरह समाप्त होने की उम्मीद है। नया ट्रांसफार्मर लगने पर सभासदों सहित मोहल्ले वासियों ने हर्ष जताते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों के प्रति आभार जताया है।