प्रयागराज। मुफ्त दाल की उम्मीद लगाए कार्डधारकों तथा मजदूरों को झटका लगा है। केंद्र सरकार की योजना के तहत एक मई से चने की दाल के मुफ्त वितरण की घोषणा की गई थी, लेकिन अब उसकी जगह चना दिए जाने का निर्णय लिया गया है। मुश्किल यह कि अभी तक कंट्रोल में चना भी नहीं पहुंचा है। ऐसे में कब से वितरण होगा, इसे लेकर असमंजस की स्थिति बन गई है।
केंद्र सरकार की ओर से प्रत्येक कार्डधारक को तीन महीने तक चावल के साथ दाल वितरण की घोषणा की गई है। एक महीने का चावल वितरण हो गया है। अब शुक्रवार से कंट्रोल पर नियमित वितरण के साथ प्रति कार्ड एक किलो चने की दाल के मुफ्त वितरण का आदेश दिया गया था, लेकिन दाल के गोदाम खाली हैं। ऐसे में अब चने के वितरण का निर्णय लिया गया है, लेकिन कार्डधारकों को यह भी एक मई से नहीं मिल पाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि अभी तक चना और दाल में से कुछ भी नहीं उपलब्ध नहीं हो सका है। इसलिए चने का वितरण कब से शुरू होगा, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। हालांकि, विपणन के अफसरों का कहना है कि ब्लाक के गोदाम तक चना पहुंच गया है। एक-दो दिनों में कोटेदार भी चना उठा लेंगे। इसके बाद वितरण किया जाएगा।
नियमित चावल, गेहूं का होगा वितरण
कंट्रोल से हर महीने चावल और गेहूं का नियमित वितरण शुक्रवार से होगा। पिछले महीने की तरह इस बार भी सभी अंत्योदय कार्डधारकों को मुफ्त राशन मिलेगा। पात्र गृहस्थी के मनरेगा जॉब कार्डधारकों एवं श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को भी मुफ्त राशन मिलेगा। इनके अलावा पात्र गृहस्थी के अन्य कार्डधारकों को पूर्व की तरह सस्ते दर पर राशन मिलेगा।