प्रयागराज महाकुंभ में प्रयागराज के विश्व विख्यात एप्पल गुवावा की चर्चा के बगैर अधूरा है। प्रयागराज में अमरूद महोत्सव का आयोजन किया गया। प्रयागराज रेलवे स्टेशन के समीप स्थित औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र खुसरोबाग प्रयागराज में रविवार 16 फरवरी को अमरूद महोत्सव मनाया गया।
एप्पल गुवावा के साथ अमरूद की ग्यारह प्रजातियां हुईं शामिल
संगम के अलावा प्रयागराज की एक और पहचान है यहां का एप्पल गुवावा। अपनी खास मिठास और खास कलर के लिए फलों के बीच अलग पहचान रखने वाले प्रयागराज के एप्पल गुवावा सहित 11 प्रजातियों ने अमरूद महोत्सव में अपना जलवा बिखेरा। उद्यान उप निदेशक डॉ. कृष्ण मोहन चौधरी बताते हैं कि अमरूद महोत्सव में 11 प्रकार के अमरूद की प्रदर्शनी की गई। एप्पल कलर, ललित, सरदार, धवल, चित्तीदार, इलाहाबादी सुरखा इत्यादि फसलों के अमरूद की प्रतियोगिता की गई जिसके मूल्यांकन के लिए कृषि विश्वविद्यालय से कृषि वैज्ञानिकों ने अपने अनुभव से प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार दिया। कार्यक्रम में उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किया।