Four percent increase in dearness allowance fixed since January
जनवरी से महंगाई भत्ता में चार फीसदी वृद्धि तय
0 एक करोड़ से अधिक केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों को मिलेगा लाभ
प्रयागराज। जनवरी से महंगाई भत्ता (डीए) में चार फीसदी बढ़ोतरी तय हो गई है। इस तरह से केंद्रीय और राज्य कर्मचारियों को जनवरी से 21 फीसदी महंगाई भत्ता मिलेगा। इसका लाभ केंद्र और राज्य के एक करोड़ से अधिक कर्मचारियों को लाभ मिलेगा।
वर्षों से महंगाई भत्ता का सटीक आंकलन कर रहे एजी ब्रदरहुड के पूर्व अध्यक्ष एवं सिटिजंस ब्रदरहुड के अध्यक्ष हरिशंकर तिवारी ने बताया कि औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक दिसंबर माह का निर्धारण हो गया है, जो 330 अंक रहा। इस तरह से 2019 में पूरे वर्ष का औसत 317.41 अंक रहा। इस आधार पर गणना करने पर कर्मचारियों को जनवरी से 21.42 फीसदी डीए मिलना चाहिए। चूंकि, डीए निर्धारण में दशमलव के बाद के अंक को खत्म कर दिया जाता है। इस लिहाज से जनवरी से 21 फीसदी डीए मिलना तय हो गया है। यूपीटीईटी उत्तीर्ण शिक्षक महासंघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि अभी 17 फीसदी डीए मिल रहा है। इस तरह से इसमें चार फीसदी की वृद्धि होने जा रही है। अनुराग ने बताया कि डीए वृद्धि से केंद्र सरकार के 80 लाख तथा यूपी समेत अन्य राज्यों के 50 लाख से ज्यादा कर्मचारी एवं पेंशनर लाभांवित होंगे। महंगाई को देखते हुए उन्होंने जुलाई 2020 में भी डीए में चार से पांच फीसदी वृद्धि की संभावना जताई।