पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी की इच्छा थी कि वह जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा को ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले प्रयागराज के गुमनाम नायकों को सम्मानित करें। इसकी उन्होंने तैयारी भी की, लेकिन जीते जी उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी।
पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी की इच्छा थी कि वह जनसंघ की स्थापना से लेकर भाजपा को ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले प्रयागराज के गुमनाम नायकों को सम्मानित करें। इसकी उन्होंने तैयारी भी की, लेकिन जीते जी उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। उनकी इस अंतिम इच्छा को पूरी करने की बात उनके पुत्र नीरज त्रिपाठी ने कही है। उनका कहना है पिता का यह सपना वह अवश्य पूरा करेंगे। यह भी कहा कि वह इसके लिए एक वृहद आयोजन करवाएंगे।
विज्ञापन
अमर उजाला को एक दिसंबर 2022 को दिए एक साक्षात्कार में पूर्व राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने कहा था कि वह जनसंघ से लेकर अब तक भाजपा तक ऐसे कार्यकर्ताओं को सम्मानित करना चाहते हैं, जो पार्टी की आधारशिला हैं। तब केशरीनाथ ने बताया था कि उन्होंने ऐसे 109 लोगों की सूची तैयार की है, जिन्हें वह ‘आधारशिला सम्मान’ देंगे। केशरीनाथ ने दिसंबर 22 में ही उक्त कार्यक्रम को करवाने की बात भी कही थी। दाहिने कंधे में फ्रैक्चर एवं उसके कुछ दिन बाद स्वास्थ्य खराब होने की वजह से वह यह कार्यक्रम नहीं करवा सके।
आठ जनवरी 22 को ही उनका निधन हो गया। इस वजह से पुराने कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने का उनका ख्वाब भी अधूरा रह गया, लेकिन पिता की इस इच्छा को पूरा करने का बीड़ा अब उनके पुत्र ने उठाया है। सोमवार को अमर उजाला से हुई बातचीत में नीरज और उनकी पत्नी कविता यादव त्रिपाठी ने कहा कि अब आधारशिला सम्मान वह वृहद स्तर पर करवाएंगे। पिता की तेरहवीं के बाद ही इसकी रूपरेखा निर्धारित की जाएगी। प्रयास किया जाएगा कि किसी बड़ी शख्सियत के हाथ पुराने कार्यकर्ताओं या उनके परिजनों का सम्मान करवाया जाए।