सलोरी में भाजपा नेता के घर बमबाजी के मामले में वांछित एक आरोपी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी इलाहाबाद विश्वविद्यालय का छात्र रह चुका है। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी है। पुलिस ने 25 हजार के इनामी बदमाश को प्रयाग स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया।
सलोरी निवासी भाजपा नेता व पूर्व पार्षद राजू शुक्ला के घर पर 21 नवंबर की रात कुछ युवकों ने बमबाजी और तोड़फोड़ की थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने कार्रवाई की। एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि बमबाजी में वांछित अनुभव सिंह दरोगा को पुलिस ने प्रयाग स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया है।
आरोपी अनुभव अम्बेडरनगर का रहने वाला है और इलाहाबाद विश्वविद्यालय के ताराचंद छात्रावास में रहता था। अनुभव की मानें तो वह इविवि से एमएससी रसायन विज्ञान की पढ़ाई कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। पूछताछ में अनुभव ने स्वीकार किया कि वह छात्रावास से ही बम लेकर हमला करने गया था। उसका कहना था कि राजू शुक्ला के बेटे दीपक शुक्ला ने उसे धमकी दी थी। इससे पूर्व भी वह जानलेवा हमले के मामले में जेल जा चुका है।