औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत मिर्जापुर राजमार्ग स्थित आईटीआई कंपनी के पास मंगलवार देर शाम हुए सड़क हादसे में पूर्व सांसद के भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक की मौत हो गई। पूर्व सांसद के भाई अपने चालक के साथ देर शाम कोहड़ारघाट स्थित पेट्रोल टंकी से वापस घर लौट रहे थे। उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद धर्मराज पटेल के भाई धर्मेंद्र पटेल मंगलवार को चालक लाल जी यादव (55) निवासी सोरांव हाल पता अल्लापुर के साथ कोहड़ारघाट स्थित पेट्रोल टंकी पर गए हुए थे। यहां से देर शाम दोनों वापस अल्लापुर लौट रहे थे। मिर्जापुर राजमार्ग पर औद्योगिक क्षेत्र थाना अंतर्गत आईटीआई कंपनी के पास सड़क किनारे खड़ी नगर निगम की कूड़ा गाड़ी से उनकी कार अनियंत्रित होकर भिड़ गई।
हादसे में चालक व पूर्व सांसद के भाई व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और उनके परिजनों को जानकारी देते हुए दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। सूचना पाकर पहुंचे परिवार के लोग दोनों को कैंट स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। यहां इलाज के दौरान चालक लाल जी यादव की मौत हो गई। वहीं पूर्व सांसद के भाई की हालत स्थिर बताई जा रही है। मृतक बीते बीस सालों से पूर्व सांसद के यहां चालक का काम करता था।