एनआरसी और सीएए केविरोध में शनिवार को आयोजित विचार गोष्ठी में शामिल होने आ रहे चर्चित पूर्व आईएएस अफसर कन्नन गोपीनाथन को बम्हरौली एयरपोर्ट पर रोक दिया गया। ढाई घंटे तक एयरपोर्ट पर ही बैठाए रखने के बाद शाम को साढ़े चार बजे की फ्लाइट से उन्हें दिल्ली भेज दिया गया। इस घटना की जानकारी उन्होंने खुद अपने ट्विटर हैंडल के माध्यम से दी। जबकि पुलिस अफसरों का कहना है कि शहर में स्थिति का हवाला देकर उन्हें कार्यक्रम में शामिल न होने को कहा गया, जिसके बाद वह वापस चले गए।
बता दें कि ऑल इंडिया पीपुल फोरम और नागरिक समाज इलाहाबाद के संयुक्त तत्वावधान में अलोपीबाग स्थित सरदार पटेल संस्थान के सभागार में ‘नागरिकता बचाओ, संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ’ नामक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया था, जिसमें जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के विरोध में इस्तीफा देने वाले पूर्व आईएएस कन्नन को भी शामिल होना था। एक दिन पहले उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर इसकी जानकारी दी थी। तय कार्यक्रम के मुताबिक, वह मुंबई की फ्लाइट से दोपहर 1.55 पर बम्हरौली एयरपोर्ट पर पहुंचे। हालांकि पुलिस ने उन्हें बाहर जाने से रोक लिया। उन्हें एयरपोर्ट के ही वीआईपी लाउंज में ढाई घंटे तक बैठाए रखा गया और शाम को 4.30 बजे की फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया गया।
पूर्व आईएएसकन्नन गोपीनाथन को हम लोगों ने समझाया कि कानून व्यवस्था के लिहाज से वहां जाना सही नहीं है। जिसके बाद वे हमारी बातों को मान गए और लौट गए।
सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी
‘मुझे एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया और विचार गोष्ठी तो दूर कार्यक्रम आयोजकों से भी नहीं मिलने दिया गया। शाम को 4.30 बजे की फ्लाइट से दिल्ली भेज दिया गया। जबकि, शाम को मुझे ट्रेन से इलाहाबाद से बोकारो जाना था। यूपी सरकार को यह बताना होगा कि वह किन वजहों से मेरी अभिव्यक्ति की आजादी पर पहरा लगा रही है।’
कन्नन गोपीनाथन, पूर्व आईएएस