पूर्व कर्मचारी ने रची थी कैशवैन लूटने की साजिश
सरगना समेत कुल चार बदमाश थे शहर के, एक गिरफ्तार
कौशाम्बी में बदमाशों ने घेरकर की थी फायरिंग बमबाजी
प्रयागराज। कौशाम्बी के सैनी में कैशवैन लूटने के लिए फायरिंग-बमबाजी की वारदात की साजिश कंपनी के पूर्व कर्मचारी कौशल श्रीवास्तव ने रची थी। प्रयागराज निवासी सरगना ने अपने जिले के ही अपने तीन साथियों समेत कुल छह लोगों संग मिलकर वारदात थी थी। पुलिस ने इसमें से एक 50 हजार के इनामी सबी मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है।
कौशाम्बी के सैनी स्थित ननसैनी गांव के पास 30 दिसंबर की रात बदमाशों दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया था। यहां दारानगर स्थित एटीएम में कैश भरने आ रही सिक्योर वैली कंपनी की कैशवैन को लूटने के लिए कारसवार बदमाशों ने बम से हमला करने के साथ ही फायरिंग भी की थी। हालांकि कोशिश में नाकाम रहने पर उन्हें वापस भागना पड़ा था। इस मामले में पुलिस ने भाग रहे एक बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार भी किया था।
जिसके बताने पर मामले में माइकल सोनी, गोलू, बबलू श्रीवास्तव, कौशल श्रीवास्तव, धीरज व अन्य को नामजद किया गया था। जिसके बाद डीआईजी ने फरार चल रहे आरोपियों पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था। पुलिस ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार को सिविल लाइंस से कैंट ऊंचवागढ़ी निवासी सबी मोहम्मद को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में पता चला कि कैशवैन पर फायरिंग-बमबाजी की वारदात में वह भी शामिल था। जिसकी साजिश अबूबकरपुर धूमनगंज निवासी कौशल श्रीवास्तव ने रची थी। कौशल सिक्योर वैली कंपनी का पूर्व कर्मचारी है।
मॉल के दो स्टैंड कर्मचारी भी थे शामिल
पुलिस के मुताबिक, सबी ने पूछताछ में यह भी बताया है कि इस वारदात में वह कौशल के कहने पर ही शामिल हुआ। जिसने प्रयागराज के ही अपने तीन अन्रू साथियों समेत कुल छह लोगों के साथ वारदात को अंजाम दिया था। इनमें बबलू श्रीवास्तव भोला का पुरवा, धूमनगंज व धीरज यादव निवासी कन्हईपुर शामिल हैं। दो अन्य आरोपी माइकल व गोलू मिर्जापुर के रहने वाले हैं। सबी व एक अन्य आरोपी धीरज सिविल लाइंस स्थित एक मॉल में स्टैंड कर्मचारी के रूप में काम करते थे।