कांग्रेस विधायक दल की नेता बनने के बाद पहली बार गृह जनपद पहुंची रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना का लालगंज में समर्थकों व कांग्रेसियों ने जोरदार स्वागत किया। रविवार को नगर के इंदिरा चौक पर आयोजित जनसभा में उमड़े जनसैला को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता मोना मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के किसानों, युवाओं व महिलाओं के साथ ही व्यापारियों के हितों की लड़ाई सदन से लेकर सडक़ तक लड़ी जाएगी।
मोना ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। उन्होने विधायक दल का नेता बनाए जाने का श्रेय रामपुर खास की जनता को दिया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस सदैव जनता के हक व अधिकार के लिए देश में पूरी ताकत से आवाज उठाती रहेगी।
कहा कि रामपुर खास की जनता के आशीर्वाद से मोना को विधायक दल का नेता चुना गया है। अब उनकी जिम्मेदारी है कि संगठन को मजबूत बनाने के साथ ही क्षेत्र का विकास कराकर प्रदेश में शीर्ष दस क्षेत्रों में शामिल कराएं। कांगे्रस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि विधायक मोना के नेता विधान मंडल दल बनने से जिले का मान पूरे प्रदेश में बढ़ा है।
कार्यक्रम को एआईएमटी के डायरेक्टर अंबिका मिश्रा व एसपीएमआईटी की डायरेक्टर डॉ. विजयश्री सोना ने भी संबोधित किया। चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी ने विधान मंडल दल की नेता मोना मिश्रा को तलवार भेंटकर नागरिक सम्मान प्रदान किया। कार्यक्रम का संयोजन ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष केडी मिश्र व ब्लाक प्रमुख ददन सिंह तथा संचालन मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ल ने किया।
इस मौके पर ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह, चेयरपर्सन प्रतिनिधि संतोष द्विवेदी, दीप्तांशु मणि त्रिपाठी, महासचिव रवींद्र मिश्र, ई. सुनील पांडेय, प्रकाश चंद्र मिश्र, पवन शुक्ल, शैलेंद्र मिश्र, संजीत तिवारी, पप्पू तिवारी, राजू मिश्र, दानिश माबूद, छोटलाल सरोज, सरोज कश्यप, विकास मिश्र, बृजेश द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
जिले की सीमा से जगह-जगह स्वागत
क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के कांग्रेस विधायक दल का नेता बनने के बाद पहली बार यहां पहुंचने पर जिले की सीमा पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां झंडे व बैरन के साथ पहुंचे सैकड़ों बाइक सवार कांगे्रसियों ने मोना को फूल मालाओं से लाद दिया। अगई सीमा पर कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना अपने पिता व वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी के साथ खुली कार में सवार होकर लाव लश्कर के साथ निकल पड़ी।
रानीगंज कैथौला, रायपुर एतियांई, मेढ़ावां, नया पुरवा, वर्मा नगर, हरिकिशुन दुबे का पुरवा आदि जगहों पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने मोना का स्वागत किया। लालगंज नगर में पहुंचने पर लोगों ने उनका गुलाब की पंखुडिय़ों से स्वागत किया। चौक पर स्व. इंदिरा की मूर्ति पर माल्यार्पण के पश्चात कांग्रेस विधान मंडल दल की नेता मंच की ओर रवाना हुई तो फूल मालाओं से समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
लालगंज में कांग्रेस विधान मंडल दल नेता बनने पर पहली बार अपने क्षेत्र में पहुंची आराधना मिश्रा के - फोटो : PRATAPGARH