दो महीने से लॉक डाउन के कारण थमी जिंदगी अब रफ्तार पकड़ने लगी है । आर्थिक गतिविधियों को मिली इजाजत के बाद अब यातायात के पहिए भी रफ्तार पकड़ने को तैयार हैं । रेलवे ने पहली जून से जहां 100 जोड़ी यात्री ट्रेनों की बुकिंग शुरू कर दी है तो वहीं दूसरी ओर सीमित घरेलू उड़ानें शुरू होने का रास्ता साफ होने के बाद निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने भी प्रयागराज से मुंबई के लिए बुकिंग शुरू कर दी है ।
विमानन कंपनी इंडिगो प्रयागराज से मुंबई के लिए 25 मई से सीधी फ्लाइट चलाने जा रही है। देश में 25 मार्च से सभी नियमित घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ाने रद्द चल रही हैं। अब 25 मई से तकरीबन एक तिहाई घरेलू उड़ान सेवाएं शुरू करने के लिए उड्डयन मंत्रालय की ओर से दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। प्रयागराज से यूं तो दिल्ली ,मुंबई, कोलकाता ,रायपुर, गोरखपुर, पुणे ,बेंगलुरु के लिए, सीधी उड़ान है लेकिन अभी निजी विमानन कंपनी इंडिगो 25 मई से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू करने जा रही है। कंपनी द्वारा इसकी बुकिंग भी शुरू कर दी गई है।
प्रयागराज से मुंबई का न्यूनतम किराया 3500 निर्धारित किया गया है, लेकिन बुकिंग शुरू होने के बाद ही है किराया लगातार बढ़ता चला गया। दोपहर 2:00 बजे ही प्रयागराज से मुंबई का किराया 5600 हो गया ,जबकि मुंबई से प्रयागराज का किराया 9000 तक पहुंच गया। यहां से संचालित बाकी अन्य फ्लाइटों को लेकर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका है ।
इस संबंध में इंडिगो अफसरों की आज एयरपोर्ट प्रशासन के अफसरों के साथ बैठक हुई। बताया गया कि एक-एक करके सभी फ्लाइटों शुरू की जाएंगी हालांकि इसमें भी थोड़ा वक्त है। फिलहाल 25 मई से मुंबई की फ्लाइट दिन में 3:35 बजे उड़ान भरकर शाम 5:45 बजे मुंबई पहुंच जाएगी, जबकि मुंबई से दिन में 12:45 बजे उड़ान भरने के बाद 2:55 बजे यह फ्लाइट प्रयागराज पहुंच जाएगी ।
एक जून से इसके समय में बदलाव हो जाएगा और दिन में 2:00 बजे प्रयागराज से उड़कर शाम 4:20 बजे मुंबई पहुंच जाएगी जबकि मुंबई से सुबह 11:15 बजे चलने के बाद दिन में 1:30 बजे यह फ्लाइट प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंच जाएगी। बता दें कि प्रयागराज से नई सेवा के रूप में इंदौर ,भोपाल और देहरादून के लिए भी फ्लाइट शुरू होनी है, लेकिन अभी उन सभी फ्लाइटों में एक जुलाई से ही बुकिंग हो रही है।