prayagraj news : सिविल लाइंस रोडवेज बस अड्डे पर उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़।
- फोटो : prayagraj
दिवाली के पहले विभिन्न स्थानों से संगम नगरी आने वाली तमाम ट्रेनें पहले ही फुल हैं। इस बीच प्रयागराज आने वाली फ्लाइटों का किराया भी दोगुना से ज्यादा हो गया है। रेलवे की तत्काल सेवा से जिन लोगों ने आस लगा रखी थी, उनके हाथ भी बुधवार को निराशा ही आई। ऐसे में अब यात्रियों के पास रोडवेज का विकल्प बचता है। यूपी रोडवेज ने भी दिल्ली के लिए 30 बसें बृहस्पतिवार को चलाने की तैयारी की है।
प्रयागराज जंक्शन आने वाली ट्रेनों की बात करें तो 12 एवं 13 नवंबर को दिल्ली से आने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस, शिवगंगा एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची हो गई है। प्रयागराज के किशन वर्मा ने जो गाजियाबाद में एक प्राइवेट फर्म में काम करते हैं ने बताया कि वह 13 नवंबर के लिए तत्काल कोटे की टिकट बुक कराने के लिए गाजियाबाद स्टेशन गए, लेकिन महज पांच मिनट में ही प्रयागराज आने वाली सभी ट्रेनों में तत्काल की बर्थ भर गई।
उधर ट्रेनों में जगह न मिल पाने की वजह से कुछ लोगों ने फ्लाइट से आने का कार्यक्रम बनाया, लेकिन पर्व से पहले दिल्ली से प्रयागराज आने वाली इंडिगो एवं एलाइंस एयर की फ्लाइट में किराया दस हजार के आसपास पहुंच गया। यही हाल मुंबई, बंगलूरू एवं पुणे से आने वाली फ्लाइट का भी रहा। दिवाली के पूर्व यहां आने एवं पर्व के बाद यहां से इन शहरों को जाने वाली फ्लाइटों में किराया दोगुना से ज्यादा हो गया है।
इस बीच यूपी रोडवेज ने दिल्ली एवं प्रदेश के अन्य शहरों से आने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया है। रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिल्ली से प्रयागराज के लिए 30 अतिरिक्त बसें चलेंगी। इसके अलावा लखनऊ, गोरखपुर, आजमगढ़, फैजाबाद आदि शहरों से भी अतिरिक्त बसों का संचालन होगा। उधर, पर्व के पूर्व सिविल लाइंस और जीरोरोड बस स्टेशन पर यात्रियों की बुधवार को खूब भीड़ उमड़ी। फैजाबाद रूट पर यात्रियों की भीड़ कुछ ज्यादा ही रही। इस वजह से संबंधित रूट पर रोडवेज ने अतिरिक्त बसें संचालित की।