फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रयागराज: जहरीली शराब का कहर, पांच और लोगों की जान गई, पुलिस अफसरों का दावा, बीमारी से हुईं चार मौतें

Tue, 16 Mar 2021 10:59 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
विज्ञापन
गांव में पहुंचे अधिकारी - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के सैदाबाद इलाके में  जहरीली शराब से पांच लोगों की मौत के बाद मंगलवार को भी पांच और लोगों की जान चली गई। मृतकों के परिजनों का कहना था कि सभी की हालत शराब पीने के बाद बिगड़ी। इस तरह जिले में मौतों का कुल आंकड़ा 10 पर पहुंच गया। उधर पुलिस अफसर सिर्फ चार मौतों की ही पुष्टि करते रहे। उन्होंने सभी मौतों की वजह बीमारी बताई।
विज्ञापन


हंडिया के सैदाबाद स्थित बींदा गांव में शराब पीने के बाद रविवार व सोमवार को मिलाकर कुल पांच लोगों की मौत हो गई थी। इनमें खदेरू कन्नौजिया (55), अजय कुमार गुप्ता (35), संग्रामपट्टी गांव निवासी बुधराम भारतीया, सराय मंसूर गांव निवासी विमल कुमार (35) ,सुशीला देवी (60) शामिल थे। 

मंगलवार को पांच और लोगों की मौत हो गई। इनमें बींदा गांव के छोटे लाल(60) पुत्र रामलाल, संग्रामपट्टी के रामजी (40) पुत्र रमाशंकर, बडेरा के लवकुश निषाद (50), हरीपुर की सोना देवी (60) व सूबेदार (45) निवासी पर्वतपट्टी संग्रामपट्टी शामिल हैं। इन सभी के बारे में परिजनों का कहना था कि शराब पीने के बाद ही उनकी हालत बिगड़ी। 
विज्ञापन


हालांकि पुलिस अफसर मंगलवार को किसी भी व्यक्ति की मौत की जानकारी से इनकार करते रहे। शराब पीने के बाद बीमार हुए आधा दर्जन लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें बींदा गांव निवासी विजय भुवाल (40) पुत्र नान्हू, बुल्ले धोबी (35) पुत्र श्यामलाल, बबलू पुत्र रमा शंकर, सुल्तान पुत्र मौजीलाल, मातागुलाम पुत्र रामकंवल, महेन्द्र यादव पुत्र धर्मराज यादव, बब्लू यादव पुत्र भोला यादव शामिल हैं। 
विज्ञापन

चार शवों का किया गया पोस्टमार्टम

पुलिस व प्रशासनिक अफसरों की ओर से चार लोगों की मौत की ही जानकारी की बात कही जाती रही। अफसरों ने बताया कि चारों शवों का पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया गया। इनमें से अजय गुप्ता को गैस्ट्रो की बीमारी थी। डॉक्टरों की जांच में यह बात सामने आई है कि बीमारी से उसकी मौत हुई। 

लकवा की बीमारी से ग्रसित कबीर पुत्र रामजी ने प्रयागराज के अल्लापुर में स्प्रिट पी थी। जो उनके मौत की वजह बनी। इसके अलावा छोटे लाल कनौजिया बहुत अधिक मात्रा में शराब पीता था, जिससे उसे लिवर की बीमारी हो गई थी। एक अन्य मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने की वजह से विसरा प्रिजर्व किया गया है। 

रविवार व सोमवार को मृत लोगों में से चार के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। इनमें से तीन की मौत की वजह बीमारी आई है। मंगलवार को किसी की मौत होने की जानकारी नहीं मिली है। 
-धवल जायसवाल, एसपी गंगापार

डीएम ने जांच के लिए गठित की दो सदस्यीय समिति

जिलाधिकारी भानुचंद गोस्वामी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस व प्रशासन की दो सदस्यीय संयुक्त कमेटी गठित की गई है। इसमें एडीएम प्रशासन बीएस दुबे व एसपी गंगापार धवल जायसवाल को शामिल किया गया है। कमेटी को प्रकरण की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा गया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें