खीरी क्षेत्र के इटवा, एसबीआई बैंक के पास भारत फाइनेंस कंपनी के मैनेजर से पांच लाख रुपये लूटने वाले चार बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। सभी बदमाश रीवा के रहने वाले हैं और क्षेत्र में रहकर वारदात अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने इनको खीरी के पथरपुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.30 लाख रुपये समेत चोरी की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी के मुताबिक तेरह फरवरी को मैनेजर की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर बदमाशों ने उनसे पांच लाख रुपये लूट लिए थे। उसके बाद भी यह बदमाश इलाके में कई वारदातों को अंजाम देते रहे। कुछ दिन पहले 16 अप्रैल को इन्हीं बदमाशों ने धर्मराज गेस्ट हाउस में घुसकर पहले दावत खाई। उसके बाद तमंचे के बल पर व्यवहार में मिले करीब 36 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। लगातार वारदातें अंजाम देने के चलते इनके पीछे टीम लगाई गई।
शनिवार देर रात चारों बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इनमें आदित्य सिंह उर्फ सोनू निवासी रीवा के पिता राजभान को गांव का सरपंच बताया जा रहा है। सोनू के खिलाफ रीवा, खीरी में मारपीट, बलवा, लूट समेत दूसरे कई मामले दर्ज हैं जबकि विनीत नामदेव, राम विशाल सिंह, बृजेश जायसवाल सभी निवासी रीवा, को आदित्य ने गिरोह में शामिल किया था। इनके पास से गेस्ट हाउस से लूटी गई रकम में से 28 हजार रुपये बरामद हुए हैं। इसके अलावा चोरी की दो मोटर साइकिलें एवं दो तमंचे भी बरामद हुए हैं। पुलिस टीम में शामिल खीरी इंस्पेक्टर वेदप्रकाश पांडेय, कुमार शंकरम, शमीम खान आदि को पुरस्कृत भी किया जाएगा।