बिजली विभाग एक वर्ष बाद एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लेकर आया है। 15 दिसंबर से शुरू होने वाली योजना का प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया गया है। जिले के पांच लाख बकायेदार इसका लाभ उठा सकते हैं।
बिजली विभाग के मुताबिक, प्रयागराज जोन प्रथम में 1,00235, जोन द्वितीय के गंगापार व यमुनापार में 4,00121 बकायेदार हैं। तीन चरणों में चलने वाली इस योजना में प्रथम चरण में पंजीकरण कराने वालों को सौ प्रतिशत सरचार्ज की छूट मिलेगी।
विज्ञापन
योजना 15 दिसंबर से 31 जनवरी 2025 तक तीन चरणों में चलाई जाएगी। योजना शुरू होते ही बकायेदारों को सबसे पहले पंजीकरण कराना होगा। सोमवार को मुख्य अभियंता पीके सिंह ने अधीक्षण अभियंता प्रथम भरत सिंह व द्वितीय मुकेश बाबू के साथ ही अधिशासी अभियंता संतोष तिवारी आदि के साथ बैठक की। इसमें बकायेदारों के मोबाइल फोन पर व्हॉट्सएप के माध्यम से सूचना दी गई।
रविवार को भी खुलेगा काउंटर
अधीक्षण अभियंता यमुनापार लोकेश चंद्र और गंगापार सौरभ गौतम ने सभी अधिशासी अभियंता, एसडीओ व जेई को निर्देश दिया कि इस बार बकायेदारों के अधिक से अधिक पंजीकरण कराएं। योजना शुरू होने से पहले ही तेजी से प्रचार-प्रसार करें। यह भी कहा गया है कि योजना शुरू होने पर सभी कैश काउंटर को रविवार को छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे।