पिछले साल लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा में सेंधमारी की कोशिश करते गिरफ्तार नकल गिरोह के सदस्यों पर गैंगस्टर लगाया जाएगा। मामले की विवेचना में जुटी शिवकुटी पुलिस ने जेल में बंद दीवान के बेटे समेत पांचों आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की संस्तुति करते हुए फाइल डीएम के पास अनुमोदन के लिए भेजी है।
पिछले साल 30 सितंबर से लोअर सबऑर्डिनेट परीक्षा का आयोजन प्रदेश भर में होना था। ठीक दो दिन पहले एसटीएफ ने ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया था, जो बड़े पैमाने पर परीक्षा में सेंधमारी करने वाला था। गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे से एक करोड़ रुपये के चेक व 42 हजार नगद समेत कार, बाइक व अन्य सामान बरामद किया था।
गिरोह के सदस्य हाईटेक तरीके से नकल के लिए अभ्यर्थियों को ब्लूटूथ डिवाइस लगी 10 हजार शर्ट के जरिए नकल कराते थे जो खास तौर से इसी काम के लिए मंगाई जाती थी। गिरफ्तार लोगों में सरगना अहमद अली के अलावा अरुण कुमार यादव, संदीप कुमार यादव, सफीउल्लाह व अमन सरोज शामिल थे। जिसमें अरुण जिला पुलिस में तैनात दीवान का बेटा है।
इस मामले में एसटीएफ की ओर से शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। शिवकुटी पुलिस की ओर से जेल में बंद पांचों आरोपियों पर गैंगस्टर लगाने की तैयारी है। सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में फाइल तैयार कर डीएम के पास भेज दी गई है। अनुमोदन मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
लौटन हत्याकांड में भी लगेगा गैंगस्टर
नकल गिरोह के साथ ही पुलिस लौटन निषाद हत्याकांड के आरोपियों पर भी जल्द गैंगस्टर की कार्रवाई करेगी। इसके लिए कागजी कार्यवाही पूरी कर ली गई है। करेली पुलिस जल्द ही संबंधित फाइल डीएम के पास भेजेगी। बता दें कि करेली में लॉकडाउन के दौरान जमातियों पर टिप्पणी को लेकर हुए विवाद में बख्शी मोढ़ा निवासी लौटन निषाद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।