शंकरगढ़ के बेरुई गांव में चिकनपॉक्स के पांच मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची
क्षेत्र के बेरुई गांव में चिकनपॉक्स के पांच मरीज मिलने की सूचना से स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया। जानकारी मिलने पर डॉक्टर अनूप, डॉक्टर सिद्धार्थ समेत मेडिकल टीम गांव पहुंची और मरीजों को आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं।
जानकारी के अनुसार, गांव में आदेश यादव (18), सरस्वती यादव (45), काजल यादव (18), सुभाष यादव (40) और स्मिता यादव (10) में चिकनपॉक्स के लक्षण मिलने की सूचना है। मेडिकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक दवाइयां दीं। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में सर्वे कराकर अन्य संभावित मरीजों का पता लगाएगी। साथ ही मरीजों की जांच कर बीमारी की स्थिति का आकलन किया जाएगा, जिससे संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा सकें। स्वास्थ्य संबंधी लक्षण दिखाई देने पर लोगों को चिकित्सकीय परामर्श लेने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।