न्यायखंड और टेक्नोलॉजी पार्क होगा विकसित
नई टाउनशिप में न्यायखंड व टेक्नोलॉजी पार्क भी विकसित किया जाएगा। इसके अलावा साहित्यिक खंड भी होगा। साथ ही अस्पताल, शिक्षण संस्थान, बैंक, डाकघर, बाजार, खेल के मैदान, होटल, रेस्टोरेंट, बहुमंजिला ग्रुप हाउसिंग आदि का निर्माण कराया जाएगा। अलग से आवासीय एवं व्यावसायिक प्लॉट भी मिलेंगे। खास बात यह है कि मेट्रो रेल के रूट में एयरपोर्ट को भी शामिल किया गया है। इससे टाउनशिप में रहने वालों को अवागमन के लिए बेहतर साधन उपलब्ध हो सकेंगे।
नई टाउनशिप के लिए कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है। अब 100 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी होने का रास्ता साफ हो गया है। उम्मीद है कि एक से दो हफ्ते में शासनादेश जारी हो जाएगा। पहली किस्त मिलने के बाद जमीन खरीदने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - ऋषि राज, उपाध्यक्ष, पीडीए
ग्रुप हाउसिंग के लिए अब तक 67 बिल्डरों ने की दावेदारी
पीडीए अपनी विभिन्न आवासीय योजनाओं में खाली पड़ी जमीनों पर निजी बिल्डरों के माध्यम से बहुमंजिला ग्रुप हाउसिंग का निर्माण कराने जा रहे हैं। पीडीए ई-नीलामी के माध्यम से 10 अलग-अलग भूखंडों पर ग्रुप हाउसिंग बनवाएगा। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है और अब तक उत्तर प्रदेश समेत दिल्ली-एनसीआर, गुरुग्राम (हरियाणा), मध्य प्रदेश, बिहार से 67 निजी बिल्डरों ने ग्रुप हाउसिंग बनाने के लिए दावेदारी की है। ई-नीलामी के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 22 जून है।