यूपी बोर्ड परीक्षा शुरू हुए दो दिन बीत गए, लेकिन परीक्षा ड्यूटी में लगे बड़ी संख्या में कक्ष निरीक्षक अभी तक कार्यस्थल नहीं पहुंचे हैं। डीआईओएस ने चेताया कि परीक्षा कार्य में लगाए गए शिक्षक यदि शनिवार तक अपने संबंधित केंद्र पर रिपोर्ट नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ एफआईआर, वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में जिले के सभी केंद्र व्यवस्थापकों से कहा गया है कि वे आंतरिक, वाह्य परीक्षा कार्य में लगे सभी सहयोगियों के साथ परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहते हुए परीक्षा सम्पन्न कराएं।
डीआईओएस ने माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया है कि परीक्षा कार्य में लगे समस्त शिक्षकों को कार्य मुक्त करते हुए उन्हें निर्देश दें कि चे नौ फरवरी को हर हाल में परीक्षा केंद्र पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं। निर्देश दिया कि यदि संबंधित अध्यापक अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराते हैं तो उनका वेतन रोकने, अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। साथ ही निर्देश दिया कि वसंत पंचमी के स्नान को देखते हुए नौ एवं 11 फरवरी को विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा, इसके बाद भी शिक्षकों एवं कर्मचारियों परीक्षा कार्य के लिए स्कूल जाएंगे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के दूसरे दिन निदेशक माध्यमिक विनय कुमार पांडेय ने गंगापार के चार केंद्रों का औचक निरीक्षण कर वहां की परीक्षा तैयारी परखी। निदेशक ने आरपी रस्तोगी इंटर कॉलेज मलाक हरहर, सरस्वती देवी परमानंद सिन्हा इंटर कॉलेज कौड़िहार, जनता इंटर कॉलेज उल्दा, जीडीपीसी त्रिपाठी इंटर कॉलेज बिछिया का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा एवं वायस रिकार्डर के माध्यम से आवाज सुनी एवं मॉनीटर द्वारा तथा भौतिक रूप से कक्षों का निरीक्षण भी किया। जनता इंटर कॉलेज उल्दा में वायस रिकार्डर से घरघराहट की आवाज आ रही थी। निदेशक इसे दूर करने को कहा। निदेशक ने जिला विद्यालय निरीक्षक के सर्वर कक्ष में जिले के सभी परीक्षा केंद्रों की ऑनलाइन निरीक्षण करने की योजना की सराहना की।
12 फरवरी से अनिवार्य विषय हिंदी के साथ होगी सबसे बड़ी परीक्षा, शामिल होंगे 58 लाख परीक्षार्थी
यूपी बोर्ड परीक्षा के दूसरे दिन पहली पाली में हाईस्कूल में कृषि एवं इंटरमीडिएट में संगीत गायन, संगीत वादन एवं नृत्यकला तथा दूसरी पाली में इंटरमीडिएट में संस्कृत, उर्दू, गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, असमी, उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल, तेलगू, मलयालम, नेपाली भाषा की परीक्षा हुई। प्रमुख विषयों की परीक्षा 12 फरवरी से शुरू हो रही हैं। 12 को पहली पाली में हाईस्कूल हिंदी, प्रारंभिक हिंदी एवं इंटरमीडिएट की बीमा सिद्धांत एवं व्यवहार, पंजाबी, बंगला, मराठी, असमी,उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल, तेलगू, मलयालम, नेपाली विषय के 32 लाख परीक्षार्थी, जबकि दूसरी पाली में इंटरमीडिएट के हिंदी एवं सामान्य हिंदी के 26 लाख परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा के दूसरे दिन हाईस्कूल में 1939 और इंटरमीडिएट के 13435 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दो दिन की परीक्षा में अब तक कुल 40392 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव ने बताया कि शुक्रवार की शाम छह बजे तक प्रदेश भर से मिली सूचना में दूसरे दिन 15374 विद्यार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरे दिन शाम छह बजे तक प्रदेश भर में कुल तीन नकलची पकड़े जाने की सूचना मिली है। यूपी बोर्ड सचिव नीना श्रीवास्तव के मुताबिक जालौन में एक बालक, प्रयागराज में एक बालिका, जौनपुर में एक बालिका को नकल करते पकड़ा गया। दो दिन की परीक्षा में किसी भी परीक्षार्थी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की खबर नहीं है।