जार्जटाउन में लॉज में हुड़दंग का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ा। ओएनजीसी कर्मचारी से गालीगलौज करते हुए फायरिंग की गई। इससे भी मन नहीं भरा तो साथियों संग आकर बम फेंककर भाग निकले। पीड़ित परिवार की शिकायत पर एक नामजद समेत छह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
चंद्रप्रताप सिंह अल्लापुर के रामानंद नगर में परिवार समेत रहते हैं। ओएनजीसी में काम करने वाला उनका बेटा ओमप्रकाश इन दिनों छुट्टी पर घर आया है। उसने बताया कि उसके मकान के बगल में ही एक लॉज है। जिसमें रहने वाले कुछ लडक़े आए दिन शराब पीकर हंगामा करते हैं। तेज आवाज में गाने बजाना और गालीगलौज करना उनका रोज का काम है। रात में भी उन्होंने फिर यही किया तो उसने विरोध किया। आरोप है कि इस पर लॉज में रहने वाला अमन सिंह उसके मकान के नीचे आकर ललकारने लगा।
उन्होंने नीचे आने से मना किया तो गालीगलौज करते हुए फायरिंग कर दी जिसमें वह बाल-बाल बच गया। मोहल्लेवाले जुटे तो हमलावर भाग निकले। लेकिन कुछ देर बाद वह अपने अन्य साथियों संग लौटे और उसके मकान पर निशाना बनाकर बम फेंका। जो तीसरी मंजिल पर टकराने के बाद तेज आवाज के साथ फट गया। बमबाजी से मोहल्ले में सनसनी फैल गई। इसके बाद हमलावर भाग निकले। सूचना पर पीआरवी और फिर जार्जटाउन पुलिस पहुंची। इसके बाद पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दर्ज की गई जिसमें अमन को नामजद करते हुए अन्य अज्ञात पर केस दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि बमबाजी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।