कर्नलगंज में बेखौफ बदमाशों ने एसएसपी कार्यालय से 100 मीटर की दूरी पर सनसनीखेज वारदात की। लूट के विरोध पर 11वीं के छात्र पर फायर झोंकने के साथ ही बम से हमला किया। गोली उसके सीने को छूती हुई निकल गई और शरीर में कई जगह छर्रे जा धंसे। उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर एक को गिरफ्तार कर लिया है।
पीडब्ल्यूडी कर्मचारी करन बहादुर सिंह परिवार समेत एसएसपी ऑफिस के सामने स्थित पीडब्ल्यूडी कैंपस में रहते हैं। उनका बेटा यश बहादुर सिंह (16) जीआईसी में 11वीं का छात्र है। उसका आरोप है कि 13 फरवरी की रात 9.30 बजे वह कुछ सामान लेने के लिए घर से निकला। जीजीआईसी स्कूल मछली बाजार के पास उसे तीन लोगों ने रोक लिया और रुपये छीनने की कोशिश की। विरोध पर उसे मारने-पीटने लगे और इसी दौरान एक युवक ने तमंचा निकालकर उस पर फायर झोंक दिया।
साथ ही बम भी चलाए। गनीमत रही कि गोली उसके सीने को छूते हुए निकल गई। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिरा तो हमलावर उसे मृत समझकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद सूचना पाकर परिजनों के साथ ही पुलिस भी पहुंची। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बादशाह ठाकरे निवासी कटरा, अंकित यादव निवासी जिला न्यायालय कैंपस व शुभम केसरवानी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया। कर्नलगंज इंस्पेक्टर का कहना है कि झगड़ा आपसी विवाद का है। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही एक आरोपी शुभम को पकड़ लिया गया है। जांच की जा रही है।