तरसुइया में शराब के नशे में धुत युवकों के बीच विवाद के बाद फायरिंग से सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई जिसके बाद वहां जुटे लोगों ने हंगामा कर दिया। देर रात तक थाने में पंचायत चलती रही। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल की जा रही है।
घटना रानीमंडी पहले पार्क के पास करीब 10.30 बजे हुई। यहां रहने वाले दो पक्षों में शनिवार रात विवाद हो गया। जिसके बाद दो युवकों ने एक युवक को पीट दिया। युवक के घरवाले दौड़े और इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायर झोंक दिया गया। गोली चलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस पहुंची जिसके बाद दोनों पक्षों को थाने लाया गया।
उधर दोनों पक्षों से अन्य लोग भी थाने में जुट गए जिसके बाद वहां हंगामा होने लगा। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। चर्चा है कि विवाद की वजह सट्टे का खेल है। कुछ दिनों पहले यहां सट्टा खेलवाने वाले युवक को पुलिसकर्मियों ने पकड़ा था। लेकिन मामला रफा दफा हो गया। सट्टा संचालक को शक था कि मोहल्ले में ही रहने वाले युवक ने उसकी मुखबिरी की। इसी बात पर उसने शनिवार को अपने साथी संग मिलकर युवक को पीट दिया जिसके बाद विवाद हो गया।
वैसे अतरसुइया में सट्टा खिलवाने का मामला नया नहीं है। कुछ महीनों पहले ट्रेनी आईपीएस अनिल यादव ने रानीमंडी में ही छापा मारकर बड़े पैमाने पर चल रहे सट्टे के खेल का भंडाफोड़ करते हुए 27 लोगों को गिरफ्तार किया था। लेकिन मौके से फरार हुआ सरगना अब तक नहीं पकड़ा जा सका। शनिवार को हुई घटना के मामले में प्रभारी संदीप मिश्रा ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है।