मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर बारिश की चुनौतियों के बीच पाकिस्तान पर भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद संगमनगरी आधी रात जश्न में डूब गई। चौक से लेकर कटरा, मनमोहन पार्क और इविवि के हॉस्टलों तक आतिशबाजी से सड़कों छतों, पर खुशियों के सतरंगी नजारे छा गए। मिठाइयां भी बंटी और तिरंगे भी लहराए गए। इस रोमांचक महामुकाबले में भारतीय टीम की धमाकेदार बल्लेबाजी की हर किसी ने सराहना की।
दोपहर बाद मैच शुरू होते ही लोट टीवी से चिपक गए। इलाहाबाद संग्रहालय में छुट्टी बावजूद निदेशक सुनील गुप्ता के चैंबर में अफसरों की नजरें स्क्रीन पर टिकी रहीं। रोहित शर्मा के हर चौके, छक्के पर लोग उछलते रहे। ओपनर बल्लेबाज ज्योति यादव का कहना था कि सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा की शतकीय पारी के साथ ही भारतीय टीम का हौसला बढ़ गया था। हालांकि पूरी टीम ने जबरदल्त प्रदर्शन किया।
कोई लू पोल्स नहीं दिखे। जिस चुस्ती व क्षेत्ररक्षण के कौशल के साथ भारतीय टीम ने इस मैच में प्रदर्शन किया, उससे इस टीम के अपराजेय होने का दावा किया जा सकता है। ज्योति कहते हैं कि टीम इंडिया के प्रदर्शन से अब वर्ल्ड कप पर कब्जे की उम्ीद बढ़ गई है। रणजी खिलाड़ी डॉ. सुनील वर्मा के मुताबिक रोहित शर्मा और केएल राहुल की शतकीय साझेदारी सबसे शानदार रही। रोहित के 140 रन बनाने केबाद राहुल जब 57 रन पर आउट हुए तो एक बारगी धड़कन बढ़ी , लेकिन कप्तान विराट कोहली ने 77 रनों का योगदान देकर एक बड़े लक्ष्य की ओर टीम को पहुंचा दिया। इससे मैच आसान हो गया था।
रणजी खिलाड़ी ताहिर अब्बास का कहना था कि जिस तरह भारतीय बल्लेबाजों ने पारी को 336 रन के विशा स्कोर तक पहुंचाया, वह काबिलेतारीफ है। बल्लेबाजी जितनी सधी हुई थी, उससे भी अधिक चुस्त क्षेत्ररक्षण भी था। कुलदीप यादव ने दो विकेट लेकर पाकिस्तानी टीम के मनोबल को काफी हद तोड़ने की कोशिश की थी। हालांकि पाकिस्तानी गेंदबाजों ने भी जमकर पसीना बहाया। बारिश के खलल के बाद खेल शुरू होने पर आमिर ने कोहली के रूप में अपना तीसरा विकेट लिया, हालांकि रीप्ले से साफ हो गया था कि गेंद उनके बल्ले से नहीं लगी थी। बारिश के चलते काफी देर मैच रुका रहा, लेकिन इस दौरान भी दिल की धड़कने जीत-हार को लेकर लगी रहीं।