प्रयागराज-वाराणसी मार्ग पर झूंसी पुलिस बूथ के पास मंगलवार की रात चलती कार में अचानक आग लग गई। कार सवार चालक ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना से हाइवे पर काफी देर तक हड़कंप मचा रहा। सूचना दिए जाने के तकरीबन डेढ़ घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। मौके पर लोग भी जुटे रहे। साथ ही यातायात भी बाधित रहा।
हाइवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही रात तकरीबन सवा ग्यारह बजे आवास विकास कालोनी निवासी कार चालक अनवर शहर से झूंसी वापस लौट रहा था। जीटी रोड पर पुलिस बूथ के पास पहुंचने पर अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं उठने लगा।
जब तक कार चालक अनवर कुछ समझ पाता। वाहन से आग की लपटें निकलने लगी। कार चालक ने चलती कार से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर इलाकाई पुलिस मौके पर पहुंच गई थी।
तकरीबन डेढ़ घंटे बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग की लपटों पर काबू पाया। हादसे से जीटी रोड पर काफी देर तक अफरा तफरी मची रही। साथ ही यातायात भी बाधित रहा। हाइवे के दोनों ओर वाहनों को लंबी कतार लगी रही।