अतरसुइया थाना क्षेत्र के मीरापुर स्थित 60 फीट रोड पर ललिता देवी मंदिर के पास एक फर्नीचर गोदाम में आग लग गई। आग से मकान की दूसरी व तीसरी मंजिल पर रखा फर्नीचर का सामान जलकर राख हो गया।
मौके पर पहुंचीं दमकल की छह गाड़ियों ने करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अनुमान है कि आग से लाखों का नुकसान हुआ है। घटना के दौरान तीन लोग अंदर फंस गए थे जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
क्षेत्र के रहने वाले अनवर ने अपने घर की दूसरी व तीसरी मंजिल पर फर्नीचर का गोदाम बना रखा है। सोमवार सुबह आसपास के लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा तो शोर मचाया। मकान के नीचे तल पर रह रहे लोग ऊपर पहुंचे तो गोदाम में आग लगी थी।
घटना की सूचना सुबह 8:03 बजे अग्निशमन विभाग को दी गई। मौके पर दमकल विभाग की छह गाड़ियां पहुंचीं और आग के कारण घर की पहली मंजिल पर फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला।
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया गया। आग से फर्नीचर गोदाम में रखे गद्दे, फोम, लकड़ी, बल्लियां, स्पंज और मशीनें जलकर राख हो गईं।
शॉर्ट सर्किट से बल्ली में आग लगने की आशंका
एफएसओ राजेश चौरसिया ने बताया कि अनवर के मकान की तीसरी मंजिल पर शटरिंग का काम चल रहा है। आशंका है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बल्ली में आग लग गई जो पूरे गोदाम में फैल गई। घटना के दौरान तीन लोग मकान में फंस गए थे जिन्हें समय रहते सकुशल बाहर निकाल लिया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। विस्तृत जांच के बाद ही इस संबंध में पूरी जानकारी हो पाएगी।
मीरापुर हर्षवर्धन नगर की 60 फीट रोड पर फर्नीचर के कारखाने में लगी आग। अमर उजाला