जयंतीपुर सुलेमसराय में मंगलवार को बिजली चोरी की जांच करने और बकायेदारों का कनेक्शन काटने टीम के साथ पहुंचे अवर अभियंता बृजेश यादव व एसडीओ धर्मेंद्र मौर्या से बदसलूकी व मारपीट के मामले में धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
जयंतीपुर सुलेमसराय में जांच के दौरान जालंधर पटेल पुत्र शारदा पटेल समेत 100 अज्ञात लोगों बिजलीकर्मियों के साथ अभद्रता कर मारपीट की थी। एसडीओ धर्मेंद्र मौर्या ने बताया कि भीड़ में शामिल लोग कह रहे थे कि इन बिजलीकर्मियों को बांध कर फूंक दो, ताकि कोई दोबारा यहां जांच करने न आए। बताया कि उन्होंने घटना का वीडियो भी बनाया था, लेकिन जालंधर पटेल ने उनका मोबाइल तोड़ दिया। बता दें कि सात जून को भी जयंतीपुर में इसी तरह की घटना हुई थी। इस मामले में भी जालंधर पटेल व शंभू पटेल के खिलाफ धूमनगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज है।