विधायक पूजा पाल को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अभद्र भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले उमेश यादव के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई अधिवक्ता श्याम चन्द्र पाल की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर की गई है। उमेश यादव के ही खिलाफ कौशाम्बी के पिपरी थाने में भी मुकदमा दर्ज कराया गया है।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उमेश यादव ने कई बार एक्स पर विधायक पूजा पाल के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। इससे न केवल चायल क्षेत्र की महिलाओं की भावनाएं आहत हुईं बल्कि समूचे समाज को ठेस पहुंची। विशेष रूप से सेफर्ड, पाल, बघेल, धनगर, गडेरिया एवं चरवाहा समाज के लोगों ने इस पर आपत्ति जताई।
कर्नलगंज थाना प्रभारी राजेश उपाध्याय ने बताया कि तहरीर के आधार पर उमेश यादव के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मामले से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट और साक्ष्यों को खंगाल रही है।