बीते शुक्रवार को ब्लॉक मुख्यालय पर क्षेत्र पंचायत की बैठक के दौरान निविदा फॉर्म लेने को लेकर वर्तमान ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह पटेल एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रमोद त्रिपाठी उर्फ बुलबुल के समर्थकों में विवाद हुआ था। जिसके बाद ब्लॉक परिसर में अफरातफरी मच गई थी।
दोनों पक्षों ने हंडिया थाने में तहरीर दी थी। ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह पटेल की तहरीर पर पुलिस ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रमोद त्रिपाठी उर्फ बुलबुल उनके पुत्र हर्षित त्रिपाठी, भाई सुनील त्रिपाठी एवं विभव त्रिपाठी समेत 15 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं, फर्म के ठेकेदार परमानपुर, हंडिया निवासी खेमचंद शुक्ला की तहरीर पर ब्लॉक प्रमुख राजेंद्र सिंह पटेल, बेटे कुंवर सिंह उर्फ छोटू, आशु सिंह पटेल, सहयोगी धीरेंद्र निवासी नवली सिहौटा और प्रभात निवासी पुरुषोत्तमपुर थाना उतरांव सहित 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। हंडिया पुलिस मामले में लोगों के बयान और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।