इविवि शारीरिक शिक्षा विभाग के अध्यक्ष डीसी लाल की तहरीर पर कार्रवाई
प्रयागराज। ऑटा अध्यक्ष प्रो. रामसेवक दुबे, प्रो. हर्ष कुमार, प्रो. पंकज कुमार और डॉ. राकेश सिंह के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और मारपीट-धमकी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. डीसी लाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट लिखी है। प्रो. लाल का आरोप था कि ऑटा की बैठक में उनके साथ दुर्व्यवहार, गालीगलौज और जातिसूचक अपशब्दों का प्रयोग किया गया।
शुक्रवार को इविवि में ऑटा की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी की नियुक्ति की जानी थी, लेकिन बैठक शुरू होते ही हंगामा हो गया। व्हाट्सएप ग्रुप पर शिक्षकों की नियुक्ति के संबंध में निरंतर आपत्तिजनक पोस्ट डालने पर प्रो. डीसी लाल के खिलाफ शिक्षकों ने आपत्ति दर्ज कराई तो डीसी लाल ने विरोध शुरू कर दिया। इसके बाद वहां हंगामा और गालीगलौज शुरू हो गई। प्रो. डीसी लाल का आरोप है कि ऑटा अध्यक्ष प्रो. रामसेवक दुबे, प्रो. हर्ष कुमार, प्रो. पंकज कुमार और डॉ. राकेश सिंह ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उनका कालर पकड़कर मारापीटा गया। जातिसूचक गालियां दी गईं। उसके बाद उन्हें बलपूवर्क बाहर निकाल दिया गया। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी डीजीपी, एसएसपी, कुलपति और मानव संसाधन विकास मंत्रालय को दी। फिर कर्नलगंज थाने को तहरीर दी गई जिसके बाद इविवि के चारों पदाधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।