FIR against 11 contractor in case of suicide
करोड़ों के घाटे के बाद पार्टनर ही कर रहे थे राजेश का उत्पीड़न
तंग आकर की खुदकुशी, परिजनों ने 11 ठेकेदारों पर लिखाई रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। जार्जटाउन के अल्लापुर में बालू ठेकेदार राजेश सिंह के पार्टनर ही उसका उत्पीड़न कर रहे थे। बालू के ठेके में करोड़ों के घाटे के बाद से ही उन्हें इतना परेशान किया गया कि उन्होंने खुदकुशी कर ली। परिजनों ने उनके साथ काम करने वाले 11 ठेकेदारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद गिरफ्तारी की जाएगी।
अल्लापुर के राजेश पुत्र रणजीत सिंंह बालू के ठेकेदार थे। मंगलवार की दोपहर राजेश ने फांसी पर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला कि राजेश ने 11 पार्टनर के साथ कौशाम्बी के डेहावल घाट पर बालू खनन का लिया था। ठेके में करोड़ों का घाटा हो गया। इसके बाद से ही पार्टनर उन्हें पैसे के लिए परेशान करने लगे। उनका इतना उत्पीड़न किया गया कि उन्होंने घर से निकलना ही छोड़ दिया। पिता रणजीत सिंह ने बताया कि बेटे की हालत देखकर उन्होंने एक दिन घर पर सभी पार्टनर को बुलवाया और समझौते के लिए कहा लेकिन, उन लोगों ने घर पर भी धमकी दी कि राजेश से एक-एक पाई वसूल कर ली जाएगी। इसके बाद उन्होंने यह प्रस्ताव दिया कि राजेश ने पैसे लगाया है, उसे वापस कर दिया जाए तो उन लोगों ने पैसे देने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद से ही राजेश के पार्टनर उनके मोबाइल पर लगातार धमकी देने लगे। इससे मानसिक से इतना परेशान हो गए कि उन्होंने खुदकुशी कर ली। पिता रणजीत सिंह की तहरीर पर पुलिस ने राजेश के पार्टनर बाबुल द्विवेदी, अवधेश दुबे, जब्बर सिंह पटेल, संजय तोमर, वीरेंद्र सिंह, विजय सिंह, कुलदीप सिंह, प्रभात पटेल, जीएन सिंह, अरविंद सिंह और सूरज पटेल के खिलाफ धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कर ली। सीओ कर्नलगंज रत्नेश सिंह ने बताया कि जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।