Files missing from PDA, case on two former employees
प्रयागराज। विकास प्राधिकरण(पीडीए) के विद्युत अनुभाग से सड़क विद्युतीकरण कार्य संबंधी फाइलें गायब हो गईं। मामला तब खुला जब अनियमितता की शिकायतों पर मुख्यमंत्री कार्यालय से जानकारी मांगी गई। जानकारी पर एक्सईएन की ओर से सिविल लाइंस थाने में देा पूर्व कर्मचारियों पर मुकदमा लिखाया गया है।
2016-17 में विकास प्राधिकरण की ओर से धोबीघाट से बालसन चौराहे तक बने साइकिल ट्रैक पर विद्युतीकरण कार्य कराया गया था। जिसमें कई अनियमिताएं सामने आईं। सूत्रों की मानें तो शिकायत पर मामले में मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जानकारी मांगी गई तो अफसरों में हड़कंप मचा। जवाब देने के लिए जब फाइलें ढूढ़ीं गईं तो वह गायब मिलीं। पूछताछ में फाइलों के रखरखाव से संबंधित कर्मचारी संतोषजनक जवाब भी नहीं दे सके। जिसके बाद यह भी माना जा रहा है कि फाइलें जान बूझकर तथ्यों को छिपाने के लिए गायब की गईं। इसके बाद अधिशासी अभियंता एके सिंह की ओर से सिविल लाइंस थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर विकास प्राधिकरण के दो पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इनमें तत्कालीन पीडब्ल्यूसी अश्वनी कुमार और सीनियर ऑडीटर केके श्रीवास्तव शामिल हैं। जांच पड़ताल की जा रही है।