सिविल लाइंस स्थित रोडवेज बस अड्डे पर जमकर उपद्रव हुआ। लेनदेन को लेकर हुए विवाद में छात्रों-दुकानदारों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों पक्षों को चोेटें भी आईं। पुलिस ने तीन लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। घटना सुबह की है। सुल्तानपुर से कुछ छात्र एक दिन पहले दधिकांदो मेला देखने परिचित के घर तेलियरगंज आए थे। मेला देखने के बाद रविवार सुबह वह सुल्तानपुर की बस पकड़ने के लिए रोडवेज बस अड्डे पर पहुंचे।
बस पकड़ने से पहले वह गेट पर लगी कचौड़ी-सब्जी की दुकान से नाश्ता करने लगे। इसी दौरान रुपयों को लेकर उनका दुकानदार से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि गालीगलौज और फिर मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद वहां जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला किया। करीब 15 मिनट तक वहां जमकर मारपीट हुई और अफरातफरी मची रही।
सूचना पर पुलिस पहुंची और मौके से तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने आई। पूछताछ के बाद तीनों का शांतिभंग में चालान किया गया। इंस्पेक्टर वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि नाश्ते के दाम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था।
100 मीटर पर है पुलिस चौकी
उधर सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो भी वायरल हुआ। जो चर्चा का विषय बना रहा। वीडियो में दोनों पक्ष एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटते नजर आ रहे हैं। सबसे खास बात यह है कि घटनास्थल से 100 मीटर से भी कम दूरी पर हनुमान मंदिर पुलिस चौकी स्थित है। लेकिन मारपीट होती रही और पुलिस को भनक नहीं लगी। बाद में प्रत्यक्षदर्शियों के सूचना देने पर पुलिस मौके पर पहुंची।