शीशगढ़। आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी को लेकर शुक्रवार रात कस्बे में हुए बवाल मामले में अब एक महिला डॉक्टर ने आपत्तिजनक टिप्पणी की है। नाबालिग छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी डॉक्टर नरगिस के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मामले में यह सातवीं एफआईआर है।
डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर मामले को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह पोस्ट वायरल हो गई। विहिप कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री, डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों को ट्वीट कर डॉक्टर पर माहौल खराब करने का आरोप लगाया था। बुधवार को आरोपी किशोर के पिता ने पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
वहीं सड़कों पर उतरकर बवाल करने के आरोपियों की धरपकड़ बुधवार को भी जारी रही। फोटो और वीडियो के जरिये आरोपियों को चिह्नित कर पुलिस कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी के डर से बवाल में शामिल ज्यादातर आरोपी अपने घरों से फरार हैं। इनकी रिश्तेदारियों में तलाश की जा रही है। अब तक पुलिस कई आरोपियों को जेल और बाल सुधार गृह भेज चुकी है। बवाल के बाद कस्बे में अब जनजीवन पटरी पर लौटने लगा है। बुधवार को ज्यादातर इलाकों में बाजार खुले दिखे। बाजार में लोग खरीदारी के लिए भी आ रहे हैं।