पति की मारपीट से तंग आकर महिला ने जहर खाकर दी जान
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
नारीबारी। शंकरगढ़ के मझियारी लकोसा गांव में रहने वाली इंद्रा देवी(35) ने पति की प्रताड़ना से तंग आकर जान दे दी। घर के भीतर ही उसने जहर खा लिया और अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही उसकी सांसें थम गईं। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने केआरोप में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मझियारी गांव निवासी लवकुश सिंह का विवाद मृतका इंद्रा से कई साल पहले हुआ था। उसके दो बेटों में लक्की उर्फ अजय 14 व छोटू उर्फ आयुष 11 साल का है। मृतका के भाई का आरोप है कि लवकुश आए दिन पत्नी व बच्चों को मारता-पीटता था। पांच जनवरी की रात भी उसने इंद्रा को बुरी तरह पीटा। बच्चे बचाने आए तो उन्हें भी मारा। रोज की प्रताड़ना से तंग आकर छह जनवरी की सुबह इंद्रा ने सल्फास खा लिया। हालत बिगड़ी तो पति घर छोड़कर फरार हो गया। परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। परिजन शव लेकर वापस चले आए। देर रात हैदराबाद से पहुंचे भाई ने बहन के पति के खिलाफ थाने में तहरीर दी। जिसके बाद उसकेखिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार सुबह महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। एसओ ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।