करनाईपुर विद्युत उपकेंद्र पर फाल्ट होने के कारण बंद पड़ी सप्लाई।
सोमवार रात करनाईपुर क्षेत्र के लगभग 70 गांवों में 33 हजार वोल्ट लाइन में फॉल्ट आने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया। विद्युत विभाग की टीम देर रात से फॉल्ट तलाशने में जुटी रही।
मंगलवार सुबह तक करीब 12 घंटे बाद भी कई गांवों में बिजली बहाल नहीं हो सकी। बिजली ठप होने से सबमर्सिबल, पानी की मोटरें और अन्य विद्युत उपकरण बंद रहे, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई और लोग उमस से परेशान रहे। करनाईपुर, सारीपट्टी, तेजपुर सहित लगभग 70 गांव प्रभावित हुए।
ग्रामीणों ने बारिश में इंसुलेटर पंचर होने से बार-बार फॉल्ट की शिकायत कर स्थायी समाधान की मांग की। करनाईपुर विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी रवि कुमार मौर्य ने बताया कि बारिश के कारण फॉल्ट आया था, जिसे ठीक कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।