परेड गाउंड स्थित भारतीय किसान यूनियन के शिविर में कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत। अमर उजाला।
- फोटो : prayagraj
किसान 22, 23 और 24 जनवरी को विश्वासघात दिवस मनाएंगे। माघ मेला क्षेत्र में मंगलवार को संपन्न भारतीय किसान यूनियन के सम्मेलन में राकेश टिकैत ने इसकी घोषणा की। सम्मेलन के आखिरी दिन हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में फसलों के न्यूनतम समर्थन के लिए बड़े आंदोलन पर भी चर्चा हुई। डेयरी, खाद, बीज आदि पर प्रस्तावित बिल के विरोेध में भी आंदोलन का निर्णय लिया गया। हालांकि, विधानसभा चुनाव को देखते हुए आंदोलन की तारीख की घोषणा अभी नहीं की गई।
यूनियन के नेता राकेश टिकैत का कहना था कि लखीमपुर खीरी की घटना को लेकर अफसरों की ओर से किए गए वादे अभी तक पूरे नहीं किए गए हैं। इस बाबत उनकी अगुवाई में संयुक्त किसान मोर्चा की 10 सदस्यीय टीम 22 जनवरी से तीन दिनों तक लखीमुपर खीरी में रहेगी और पीड़ित किसान परिवारों एवं अफसरों से वार्ता करेगी।
इसी क्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने 22 से 24 जनवरी तक विश्वासघात दिवस मनाने की भी घोषणा की। बैठक में एमएसपी की मांग तथा कृषि से संबंधित कई अन्य प्रस्तावित बिल के विरोध में आंदोलन की रणनीति बनी। बैठक में ब्लॉक स्तर पर संगठन को और मजबूत करने, किसानों को जोड़ने के लिए अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। इससे पहले जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया तथा परिचय कराया।