अंतू थाना क्षेत्र के घोरहा लोहंगपुर में शनिवार रात से लापता किसान शिवशंकर शुक्ला का रविवार को जंगल में रक्तरंजित शव मिला। हत्यारों ने उसकी गला रेतकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस छानबीन कर रही है। घोरहा लोहंगपुर निवासी 50 वर्षीय शिवशंकर शुक्ला ने घर से दूर खेत में पंपिग सेट लगा रखा है। जिससे वह गांव के लोगों के खेत की सिंचाई भी करता है। शनिवार की रात वह अपनी पत्नी के साथ पंपिग सेट पर था। करीब आठ बजे वह घर खाना खाने के लिए निकला। काफी देर बाद भी शिव शंकर नहीं लौटा। पत्नी व बेटे रात भर उसकी खोजबीन करते रहे लेकिन कुछ पता नहीं चला।
रविवार दोपहर पंपिंग सेट से करीब 100 मीटर दूर जंगल में शिवशंकर का रक्तरंजित शव मिला। ग्रामीणों के अनुसार धारदार हथियार से उसका गला रेता गया था। शव के पास ही खाली सीरिंज भी मिली। किसान के हत्या की खबर मिलते ही पुलिस भागकर मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए फॉरेंसिक टीम बुलाया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने खाली सीरिंज समेत अन्य साक्ष्य संकलित किए। मृतक की पत्नी रंजना शुक्ला की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसका बड़ा बेटा राहुल दिल्ली में काम-काज करता है। छोटा बेटा शिवम घर पर रहते हुए किसानी में सहयोग करता है। सीओ सिटी प्रशांत राज ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना की छानबीन की जा रही है।