Farm operator killed in road accident
सड़क दुर्घटना में फॉर्महाउस संचालक की मौत
राजरूपपुर के दुर्गा मंदिर के पास हुआ हादसा
प्रयागराज। राजरूपपुर में दुर्गा मंदिर के पास एक स्कूल बस की चपेट में आ जाने से फॉर्महाउस संचालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव को कब्जे में लेकर उसे चीरघर भिजवा दिया। उधर, हादसे की खबर घर पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया।
मूलता कौशांबी निवासी अशोक कुमार मिश्रा (47) पुत्र हनुमान प्रसाद धूमनगंज के ओमप्रकाश सभासद नगर में परिवार के साथ रहते थे। गांव में उन्होंने बकरी पालन केंद्र खोला हुआ था। परिजनों के मुताबिक बुधवार दोपहर वह किसी काम से लूकरगंज गए हुए थे। दोपहर करीब ढाई बजे काम निपटाकर वह बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह दुर्गा मंदिर के पास पहुंचे पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अशोक नीचे गिर पड़े। उनके सिर, हाथ एवं पांव में गंभीर चोट आ गई। मौके पर ही काफी सारा खून बह गया था। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। वहां आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। सूचना मिलने पर राजरूपपुर पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए। घायल को लेकर पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने अशोक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर जैसे ही अशोक के परिजनों को लगी उनके होश उड़ गए। उनके घर में कोहराम मच गया। बेटी कशिश (20) और काजल (22) को यकीन ही नहीं हो रहा था। पत्नी विजया गश खाकर गिर पड़ीं। बेटा सौम्य (19) का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना मिलने पर अशोक के तीनों भाई भी घर पहुंच गए। धूमनगंज पुलिस के मुताबिक घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद से वाहन चालक की तलाश की जाएगी।