फाफामऊ । फाफामऊ में लखनऊ रोड स्थित निजी हॉस्पिटल पर मंगलवार रात बम से हमला किया गया। बम धमाके के बाद भीड़ जुटी मगर हमलावर भाग गए थे। खबर पाकर फाफामऊ चौकी की पुलिस ने मौके पर आकर छानबीन शुरू की। अफसरों के साथ ही शहर से तमाम डॉक्टर पहुंच गए। डॉक्टरों ने हमले पर गुस्सा जताया और चेतावनी दी कि अगर हमलावरों को जल्द पकड़ा नहीं गया तो आंदोलन की रणनीति बनेगी।
लखनऊ मार्ग स्थित विनीता हॉस्पिटल के सामने रात करीब नौ बजे एक बाइक पर दो लोग आकर रुके। बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने अस्पताल के गेट पर देशी बम फेंका। जोर का धमाका हुआ। आसपास कई लोग मौजूद थे। हल्ला मचा तो भीड़ लग गई। बम फेंककर बाइक पर दोनों लोग भाग गए थे। बम हमले में गेट का कांच टूट गया था। बम धमाके से अस्पताल में खलबली मच गई। खबर पाकर पुलिस भी आ गई। पुलिस ने घटना के वक्त वहां मौजूद रहे लोगों से बात की मगर कोई हमलावरों को पहचान नहीं सका था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज हासिल कर जांच शुरू की। हालांकि रेंज से दूर होने की वजह से कैमरे में कुछ दिखा नहीं।
डॉ.बिंदू विश्वकर्मा का कहना है कि वह नहीं समझ पा रहे कि हमला किन लोगोंने किया। जानकारी पाकर रात में ही शहर से भी कई डॉक्टर पहुंच गए। नर्सिंग होम एसोसिएशन के अध्यक्ष सचिव डॉ.आलोक मिश्रा ने कहा कि वह बुधवार को डीएम और एसएसपी से मिलकर विरोध जताने के साथ ही बम हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करेंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले साल जार्जटाउन स्थित फीनिक्स हॉस्पिटल पर भी रात में ठीक इसी तरह से बम से हमला किया गया था। निजी हॉस्पिटलों में ऐसी घटनाएं बढती जा रही हैं।