Faces blossomed as soon as the internet is banned
- फोटो : ALDCOMPACT
इंटरनेट से पाबंदी हटते ही चेहरे खिले
0 चार दिन बाद तमाम लोगों ने ऑन लाइन बुकिंग से मंगवाया पसंद का खाना
0 शहर में शुरू हुई ओला की सर्विस, ऑन लाइन ट्रांजेक्शन शुरू होने से मिली राहत
प्रयागराज। शहर में चार दिन बाद मोबाइल इंटरनेट सेवा शुरू होने के बाद लोगों के चेहरे खिल गए। दोपहर एक बजे बाद लोगों के मोबाइल पर व्हाटसअप के मैसेज गिरते ही लोग एक दूसरे को फोन कर और मैसेज कर इंटरनेट शुरू होने की सूचना देते रहे। चार दिन से पैडिंग पड़े मैसेज गिरने से तमाम लोगों के मोबाइल भी हैंग हुए। हालांकि इस बीच मोबाइल इंटरनेट सेवा बंद होने से करोड़ों का कारोबार तो जरूर प्रभावित हुआ, लेकिन इंटरनेट सेवा शुरू होने से लोगों के चेहरे चार दिन बाद जरूर खिल गए। खासतौर से युवा वर्ग को इससे खासी राहत मिली।
बीते चार दिन से मोबाइल इंटरनेट सेवा ठप रहने का असर हर तबके पर पड़ा। जहां ई-वे बिल न बन पाने से व्यापारियों का माल बाहर नहीं जा रहा था तो वहीं वार्षिक रिटर्न का संशोधित प्रारूप पोर्टल पर अपलोड न होने से तमाम व्यापारी रिटर्न भी नहीं दाखिल कर सके। जिन्हें ऑनलाइन खरीदारी करनी थी, उन्हें भी निराशा हाथ लगी। लेकिन सोमवार दोपहर एक बजे के बाद नेट चालू होने के बाद एक बारगी ऐसा ही लगा कि जैसे लोगों को संजीवनी मिल गई। इस दौरान तमाम शहरियों ने जमैटो और स्वीगी के माध्यम से अपनी पसंद का भोजन भी आर्डर किया। इसके डिलीवरी ब्वॉय भी चार दिन बाद सड़कों पर दिखे। उधर ओला, उबर आदि की बुकिंग शुरू होने से भी लोगों को राहत मिली। शाम को प्रयागराज एक्सप्रेस से दिल्ली जा रहे स्थानीय कारोबारी मुकेश कुमार ने कहा ओला बुकिंग न होने से समस्या हो रही थी, लेकिन इंटरनेट सेवा शुरू होने के बाद आज बुकिंग हो गई। उधर पेटीएम से ट्रांजेक्शन शुरू होने के बाद भी लोगों को राहत मिली। पेट्रोल पंप पर भी लोगों ने चार दिन बाद अपने कार्ड से भुगतान किया।