प्रयागराज। धूमनगंज के चक मीरापट्टी में रहने वाले डॉ. विकास सेन से बदमाशों ने पांच लाख की रंगदारी मांगी। उनके मोबाइल पर फोन कर कहा गया कि पैसे न दिए तो जान से मार दिया जाएगा। डॉ. विकास ने धूमनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल नंबर के आधार पर बदमाश को खोजा जा रहा है।
चक मीरापट्टी के रहने वाले डॉ. विकास सेन वहीं पर अस्पताल चलाते हैं। 19 अक्टूबर की शाम पर अस्पताल में बैठे थे। उसी समय उनके मोबाइल पर बदमाश ने फोन कर कहा कि पांच लाख का इंतजाम कर लो नहीं तो जान से मार दिया जाएगा। पहले तो डॉ. सेन ने फोन को किसी की शरारत माना। कुछ देर बाद फिर फोन आया। बदमाश ने कहा कि अगर इस बात की जानकारी पुलिस को दी तो भी मार दिया जाएगा। इसके बाद देर रात तक बदमाश की कॉल आती है। डॉ. सेन ने अगले दिन घरवालों से बात की। पुलिस को सूचना दी गई। 22 अक्टूबर को रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि जिस नंबर से कॉल आई थी, उसे ट्रेस किया जा रहा है। क्राइम ब्रांच की मदद ली जा रही है।