Expected completion of RO-ARO 2017 recruitment
आरओ/एआरओ 2017 की भर्ती जल्द पूरी होने के आसार
प्रयागराज। समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ)-2017 की भर्ती जल्द पूरी होने के आसार हैं। आरओ/एआरओ-2016 की प्रारंभिक परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर विवादों में फंसी है और इस परीक्षा के भविष्य को लेकर उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अफसर भी बहुत आश्वस्त नहीं है। ऐसे में आरओ/एआरओ के रिक्त पदों को भरने के लिए अब 2017 की भर्ती पूरी करने का आयोग पर दबाव है, जिसकी मुख्य परीक्षा हो चुकी है और अब अंतिम परिणाम आना है।
आरओ/एआरओ 2016 के तहत 361 पदों और आरओ/एआरओ 2017 के तहत 809 पदों पर भर्ती होनी है। इस तरह दोनों परीक्षाओं के माध्यम से समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारी के कुल 1170 पदों पर भर्ती होनी है। आरओ/एआरओ 2016 की प्रारंभिक परीक्षा के पेपर लीक मामले की सीबीसीआईडी जांच कर रही थी और उसने अपनी रिपोर्ट में पेपर लीक के बारे में कोई ठोस साक्ष्य न मिलने की बात कही। इसके बाद आयोग ने प्रारंभिक परीक्षा की उत्तरकुंजी भी जारी कर दी, लेकिन आईपीएएस अफसर अमिताभ ठाकुर इस मामले को लेकर फिर न्यायालय चले गए और आयोग के सचिव को भी पत्र लिखकर परीक्षा परिणाम रोकने का आग्रह किया है।
ऐसे में 2016 की परीक्षा को लेकर अब संशय की स्थिति उत्पन्न हो गई है। वहीं, यूपीपीएससी में आरओ और एआरओ के आधे से अधिक पद रिक्त पड़े हैं। सचिवालय में भी बड़ी संख्या में आरओ एवं एआरओ के पद रिक्त हैं। ऐसे में आयोग के सामने एक ही रास्ता है कि आरओ/एआरओ 2017 की मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित कर भर्ती प्रक्रिया को पूरा किया जाए। मुख्य परीक्षा का रिजल्ट आते ही आरओ के पदों पर अभ्यर्थियों का सीधे अंतिम चयन हो जाएगा और एआरओ के पद पर सफल घोषित होने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम चयन के लिए टाइप टेस्ट देना होगा। आयोग के सूत्रों का कहना है कि 2017 की कॉपियां जांचे जाने का काम अंतिम दौर में है और आयोग जल्द ही इस परीक्षा का रिजल्ट जारी करने की तैयारी में है।