प्रयागराज। सपा सरकार में मंत्री रहे नारद राय ने बुधवार को स्पेशल कोर्ट एमपीएमएल में सरेंडर कर अपने विरुद्ध जारी गैरजमानती वारंट को वापस (रिकॉल) कराया। नारद राय के लिए बलिया कोतवाली में उपद्रव और सरकारी सेवक को धमकाने आदि धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस मामले में वह पहले ही जमानत करा चुके हैं। मगर अदालत में सुनवाई के दौरान हाजिर न होने पर उनके विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया गया था। स्पेशल कोर्ट जज डॉ. बालमुकुंद ने नारद राय को मुचलका और अंडरटेकिंग देने पर रिहा करने का आदेश दिया। घटना 21 सितंबर 2007 की है। बलिया कलेक्ट्रेट पर समाजवादी पार्टी के धरना प्रदर्शन के दौरान नारद राय, अंबिका चौधरी आदि पर भीड़ को भड़काने, सरकारी सेवक को धमकी देने आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया था।