इविवि की ओर से शनिवार को परास्नातक के 33 विषयों की परीक्षा ऑनलाइन हुई। परीक्षा के बाद सीएमपी डिग्री कॉलेज में हिंदी विभाग के छात्रों को पीडीएफ अपलोड नहीं होने से असुविधा हुई। इविवि की हेल्पलाइन पर भी कोई जवाब नहीं मिलने से छात्र परेशान रहे। बाद में छात्रों ने परीक्षा नियंत्रक कार्यालय पहुंचकर हार्ड कॉपी जमा की।
छात्रों की शिकायत रही कि सुबह पेपर शुरू होने से पहले उनका प्रश्नपत्र डाउनलोड नहीं हो रहा था। ऑनलाइन सर्वर की गड़बड़ी के चलते लगातार छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोविड-19 की गाइडलाइन और यूजीसी के निर्देश पर इविवि एवं संघटक कॉलेजों में स्नातक अंतिम वर्ष, परास्नातक, विधि एवं प्रोफेशनल कोर्स के अंतिम सेमेस्टर की ऑनलाइन परीक्षाएं 14 सितंबर से चल रही हैं।
कुछ छात्र अपनी उत्तरपुस्तिका को पोर्टल, ई-मेल और परीक्षा नियंत्रक कार्यालय में आकर जमा कर रहे हैं। परीक्षा नियंत्रक प्रो. आरके सिंह ने बताया कि अंग्रेजी, राजनीति विज्ञान, हिंदी, संस्कृत, उर्दू सहित पीजी के 33 विषयों की परीक्षाएं हुईं।