फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: थर्ड पार्टी व अन्य एजेंसियों से कराई जाए हर काम की जांच

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने महाकुंभ के सभी निर्माण कार्यों की थर्ड पार्टी और अन्य एजेंसियों से जांच कराने के निर्देश दिए। मंगलवार को समीक्षा बैठक में उन्होंने इसके लिए संबंधित विभागों की जिम्मेदारी भी तय की।
विज्ञापन

सोमवार को निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत समेत अन्य अफसरों को पीडीए के कई कार्यों की गुणवत्ता खराब मिली थी। मंडलायुक्त ने पीडीए के मुख्य अभियंता से संबंधित की जिम्मेदारी तय करने के साथ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने इस बाबत रिपोर्ट भी मांगी है। इसी तरह से मंडलायुक्त के निर्देश पर जल निगम के दो अवर अभियंताओं को निलंबित भी किया जा चुका है। नगर निगम समेत अन्य विभाग के अफसरों के खिलाफ तथा कार्यदायी फर्मों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन

प्रमुख सचिव की बैठक में इन बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस पर प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों के अफसरों की जिम्मेदारी तय की। उन्होंने कहा कि पहले विभाग सही काम होने का प्रमाणपत्र देंगे।
इसी क्रम में सभी कार्यों की नियमित तौर पर थर्ड पार्टी तथा अन्य एजेंसियों से जांच कराने के निर्देश दिए। अमृत अभिजात ने हिदायत दी कि इन जांच में खामियां पाई गईं तो संबंधित विभाग के अफसर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।



कार्यों की धीमी प्रगति पर प्रमुख सचिव ने जताई नाराजगी

प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने मंगलवार को महाकुंभ से संबंधित कार्य 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। कई कार्यों की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी जताई और सुधार की हिदायत दी।
दो दिन के लिए प्रयागराज आए प्रमुख सचिव ने मंगलवार को बैठक में 31 अक्तूबर तक नहीं हो पाने वाले कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की और प्रगति भी जानी।
खराब प्रगति वाले ज्यादातर काम सीएंडडीएस, पीडीए और लोक निर्माण सहित अन्य विभागों के हैं। पीडीए के कई काम तो दिसंबर में पूरे हो पाएंगे, जबकि उन्हें अब तक पूरा हो जाना चाहिए था।
इसी तरह की शिकायत सीएंडडीएस के कार्यों की भी रही। मेला क्षेत्र में भी जल निगम के काम की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई। नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रमुख सचिव ने अलोपीबाग सीवरेज पंपिंग स्टेशन की क्षमता वृद्धि काम को दो दिसंबर तक पूरा करने को कहा।
प्रमुख सचिव ने संगम पर सर्कुलेटिंग एरिया बढ़ाने की दृष्टि से किए जा रहे रिवर चैनलाइजेशन एवं सिल्ट हटाने का काम भी 30 नवंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।
अमृत अभिजात ने मंदिरों के सौंदर्यीकरण और कॉरिडोर निर्माण कार्य भी 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा। समीक्षा में उन्होंने पाया गया कि एयरपोर्ट रोड, रसूलाबाद घाट रोड, फाफामऊ-सहसों रोड के कार्य पीछे चल रहे हैं।
प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए संसाधन बढ़ाकर 30 नवंबर तक काम पूरा करने को कहा। प्रयागराज-रायबरेली मार्ग के निर्माण की प्रगति काफी धीमी पाई गई।
मुख्यमंत्री की बैठक में भी इसकी प्रगति काफी धीमी पाई गई थी और अब भी इसमें बहुत सुधार नहीं हुआ है। इस पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए समय से काम पूरा करने की हिदायत दी।
सीएंडीएस की ओर से कराए जा रहे थिमेटिक गेट, विशेष तरह के स्तंभों के निर्माण, वेंडिंग जोन, सात घाटों के सौंदर्यीकरण, ज्योर्तिलिंग एवं नक्षत्र वटिका निर्माण की प्रगति भी धीमी पाई गई।
इस पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताते हुए समय से काम पूरा करने के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने पांटून पुल, सफाई व्यवस्था, स्वास्थ्य समेत अन्य कार्यों की भी समीक्षा की तथा इन्हें समय से पूरा करने को कहा।
मेलाधिकारी विजय किरन आनंद ने बताया कि महाकुंभ में 15 विभागों की ओर से कार्य कराए जा रहे हैं। 10 विभागों के काम करीब-करीब पूरे हो चुके हैं। 551 परियोजनाओं में से 247 पूरी हो चुकी हैं।
75 परियोजनाओं के भी 90 फीसदी काम पूरे हो गए हैं। प्रमुख सचिव ने सीवाई चिंतामणि रोड, अलोपीबाग फ्लाईओवर, नागवासुकि मंदिर तथा रिवर फ्रंट रोड निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया।
इस दौरान मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, पुलिस आयुक्त एम.कोलांची, डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ समेत अनेक अफसर मौजूद रहे।



प्लास्टिक मुक्त महाकुंभ के लिए अभी से चले अभियान
प्रमुख सचिव ने प्लास्टिक मुक्त महाकुंभ के लिए अभी से अभियान चलाने को कहा। उन्होंने महाकुंभ क्षेत्र के साथ शहर में भी प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग के प्रभावी रोक के निर्देश दिए। इसके लिए प्रतिबंधित प्लास्टिक के उत्पादन, भंडारण वाले स्थानों पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रमुख सचिव ने संबंधित विभागों की टीम बनाकर अभियान चलाने के लिए कहा।



दलदल से प्रभावित है मेला क्षेत्र में काम
मेले की बसावट में दलदल अब भी बाधा बने हैं। इसकी वजह से ज्यादातर काम पिछड़ गए हैं। बाढ़ का पानी निकलने के बाद प्रमुख सचिव ने महाकुंभ के कार्यों की पहली बार समीक्षा की। अफसरों ने समतलीकरण, भूमि आवंटन से लेकर मेले की बसावट के बारे में बताया। अफसरों का कहना था कि दलदल की वजह से अब भी काम की प्रगति धीमी है। इस वजह से संसाधनों के साथ मजदूरों की संख्या बढ़ाकर काम कराए जा रहे हैं।


सड़क खोदने व बिजली कटौती की शहरियों को भी दें जानकारी
बैठक में बेतरतीब से निर्माण कार्य कराने, बिना सूचना के सड़कों की खोदाई के मामले भी उठे। अलग-अलग समय पर अफसरों के निरीक्षण में पाइपलाइन, सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने की भी शिकायतें रहीं।
इसके अलावा निर्माण कार्यों की वजह से बिजली कटौती की शिकायतें भी बढ़ गई हैं। बिना पूर्व सूचना के इस तरह से सड़कें खोदने तथा बिजली कटौती से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बैठक में इस पर भी चर्चा हुई।
प्रमुख सचिव ने सभी विभागों को सड़कें खोदने और बिजली कटौती की सूचना पहले से सार्वजनिक करने के निर्देश दिए। लोगों को यह भी बताया जाए कि निर्माण कार्य कब तक पूरा हो जाएगा। काम में देरी तथा उसके कारणों की बाबत भी लोगों को जानकारी दी जाए।


एनएचएआई के कार्यों पर मंथन आज
एनएचएआई की ओर से छह लेन पुल, रिंग रोड, प्रयागराज-रायबेरली मार्ग समेत कई अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इनकी प्रगति भी संतोषजनक नहीं है। बुधवार को प्रमुख सचिव नगर विकास के अलावा एनएचएआई के चेयरमैन संतोष कुमार भी मौजूद रहेंगे और परियोजनाओं पर चर्चा होगी।
साथ ही आगे के कार्यों की रणनीति बनेगी। प्रमुख सचिव ई-बसों के संचालन, पौधरोपण, शहर के सुंदरीकरण, अत्याधुनिक कैमरों की मदद से आईसीसीसी से सुरक्षा व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारी आदि को लेकर भी अलग-अलग बैठकें करेंगे। इससे पहले प्रमुख सचिव का सुबह 7:30 बजे से निरीक्षण कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें