रामपुर में भाजपा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र अध्यक्ष का यमुनापार में भव्य स्वागत, मासिक बैठक में
भाजपा के नवनियुक्त काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बृहस्पतिवार को श्री मंडपम गेस्ट हाउस, रामपुर में यमुनापार जिले की मासिक बैठक में कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी, कार्यकर्ता आधारित एवं कैडर आधारित पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की सबसे बड़ी शक्ति है और यदि कार्यकर्ता संकल्प ले लें तो किसी भी चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कमल का फूल खिलाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य मानकर बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठनात्मक दायित्वों का निर्वहन करें। जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने क्षेत्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया।
काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष एवं यमुनापार जिला प्रभारी अमरनाथ यादव ने संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण पर विशेष बल दिया। इस मौके पर क्षेत्रीय महामंत्री संतोष सिंह पटेल, प्रदीप पांडेय, करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद, कोरांव विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती, शिवदत्त पटेल, विनोद प्रजापति, दिलीप कुमार चतुर्वेदी, कमलेश द्विवेदी, गंगाप्रसाद मिश्रा आदि रहे।